ग्वालियर जिले में आगामी रबी सीजन 2026-27 की तैयारियों को गति देने के लिए 20 अगस्त से 15 सितंबर तक “एग्रीस्टेक पंजीयन, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान” संचालित किया जा रहा है। राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित होने जा रहे इस अभियान के तहत किसानों की फार्मर आईडी तैयार करने, भूमि संबंधी त्रुटियों के सुधार, पैक्स सदस्यता, किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने और समय पर उर्वरक वितरण सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर रुचिका चौहान ने कृषि एवं उससे जुड़े विभागों के अधिकारियों को सरकार की मंशा के अनुरूप प्रभावी ढंग से अभियान की गतिविधियों को मूर्तरूप देने के निर्देश हैं। इस अभियान को पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, सहकारिता तथा किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के संयुक्त सहयोग से क्रियान्वित किया जाएगा। यह अभियान किसानों को एकीकृत सेवाएं उपलब्ध कराकर रबी फसलों की तैयारी को और अधिक व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से आयोजित होने जा रहा है।
मिशन मोड में होगा फार्मर आईडी पंजीयन एवं त्रुटि सुधार
उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास भानु प्रकाश शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान उन किसानों की पहचान की जाएगी, जिनकी फार्मर आईडी अभी तक नहीं बनी है अथवा जिनके भूमि खाते या सर्वे नंबर फार्मर आईडी से नहीं जुड़े हैं। शिविरों में संबंधित पटवारी द्वारा ऐसे किसानों की सूची का वाचन किया जाएगा और मौके पर ही नए पंजीयन तथा त्रुटि सुधार की कार्रवाई मिशन मोड में की जाएगी।
पैक्स सदस्यता से मिलेगा बिना ब्याज ऋण और अग्रिम खाद
अधिक से अधिक किसानों को प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) का सदस्य बनाकर किसान क्रेडिट कार्ड जारी किए जाएंगे। इससे पात्र कृषकों को बिना ब्याज के ऋण सुविधा उपलब्ध होने के साथ-साथ रबी सीजन के लिए अग्रिम खाद प्राप्त करने में भी आसानी होगी।
ई-टोकन प्रणाली का होगा लाइव प्रदर्शन
खाद वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए शिविरों में ई-विकास एवं ई-टोकन प्रणाली का लाइव प्रदर्शन भी किया जाएगा। किसानों को टोकन जनरेट करने की प्रक्रिया की जानकारी देकर उन्हें डिजिटल प्रणाली से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। शिविरों में मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक खाद के महत्व, उन्नत किस्मों के चयन तथा दलहन एवं तिलहन फसलों के रकबे में वृद्धि के संबंध में भी तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
किसानों से अपील शिविर का लाभ उठाने के लिये आगे आएं
जिला प्रशासन ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे अपनी ग्राम पंचायत में आयोजित शिविरों में पहुंचकर अपनी फार्मर आईडी का सत्यापन कराएं और आगामी रबी सीजन के लिए अग्रिम खाद व्यवस्था सहित विभिन्न कृषि सुविधाओं का लाभ उठाएं।
