अपना शहर

"पुस्तकों से अच्छा कोई मित्र नहीं होता": कलेक्टर ने राष्ट्रीय पुस्तक न्यास द्वारा ग्वालियर में 22 से 30 अगस्त तक आयोजित पुस्तक प्रदर्शनी का किया शुभारंभ

महाराज बाड़ा स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी में लगी पुस्तक प्रदर्शनी 30 अगस्त तक आम लोगों के लिये खुली रहेगी, कलेकटर ने पुस्तक प्रदर्शनी के शुभारंभ पर मौजूद छात्र-छात्राओं से संवाद भी किया

ग्वालियर। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा ग्वालियर में 22 से 30 अगस्त तक पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। पुस्तक प्रदर्शनी में अनेक लेखकों की सभी विषयों की महत्वपूर्ण पुस्तकें उपलब्ध हैं। कलेक्टर रुचिका चौहान ने शनिवार को पुस्तक प्रदर्शनी का शुभारंभ किया और अवलोकन भी किया। उन्होंने शुभारंभ अवसर पर कहा- पुस्तकों से अच्छा कोई मित्र नहीं होता। हर व्यक्ति को निरंतर अच्छे साहित्य का अध्ययन करते रहना चाहिए। इससे मनुष्य के जीवन का सर्वांगीर्ण विकास होता है।

ग्वालियर के महाराज बाड़ा स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी में आयोजित पुस्तक प्रदर्शनी 22 से 30 अगस्त तक आम लोगों के लिये खुली रहेगी। प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर एनबीटी शासकीय पुस्तक न्यास विक्रम सिंह मीणा, क्षेत्रीय ग्रंथपाल राकेश शर्मा, कार्यक्रम अधिकारी आरके त्रिवेदी सहित विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्रायें उपस्थित थे। कलेकटर रुचिका चौहान ने पुस्तक प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं से भी संवाद किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के इस युग में भी पुस्तक से पढ़ी हुई बातें हमेशा याद रहती हैं। सभी छात्र- छात्राओं को निरंतर पुस्तकें पढ़ने की आदत जीवन में डालना चाहिए।

पढ़ने से ही मनुष्य के जीवन में विकास के द्वार खुलते हैं

 कलेक्टर ने कहा कि देश के कई क्षेत्रों में बच्चों ने रीडिंग क्लब बनाए हैं। इस क्लब के सदस्य मोबाइल को कुछ देर बंद कर किसी पार्क या सुरक्षित स्थान पर पुस्तकें ले जाकर पढ़ते हैं और आपस में विचार-विमर्श भी करते हैं। इस प्रकार के क्लब सभी शहरों में गठित होना चाहिए। कलेक्टर चौहान ने कहा कि ग्वालियर की सेंट्रल लाइब्रेरी में भी अनेक महत्वपूर्ण पुस्तकें उपलब्ध हैं। यहां पर शहर के अनेक छात्र-छात्रायें नियमित आकर अच्छी किताबों का अध्ययन करने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करते हैं। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास नई दिल्ली द्वारा ग्वालियर में जो पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है, इसका लाभ ग्वालियर के विद्यार्थियों को भी मिले, इसके लिये शहर के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी प्रदर्शनी का अवलोकन कराने की व्यवस्था की जायेगी। कार्यक्रम के प्रारंभ में राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के विक्रम सिंह राणा ने पुस्तक प्रदर्शनी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि न्यास द्वारा न केवल मध्यप्रदेश में बल्कि देशभर के अनेक शहरों में पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया जाता है। इस प्रदर्शनी के माध्यम से देश के प्रमुख साहित्यकारों की पुस्तकें आमजनों के लिये उपलब्ध रहती हैं। उन्होंने कहा कि हमारे न्यास का प्रयास है कि किफायती दाम में नागरिकों को अच्छा साहित्य उपलब्ध कराया जाए। कार्यक्रम में सेंट्रल लाइब्रेरी के ग्रंथपाल  राकेश शर्मा ने सेंट्रल लाइब्रेरी की विभिन्न गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्वालियर की लाइब्रेरी बहुत ही समृद्ध लाइब्रेरी है। यहां पर आने वाले बच्चों के लिये ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पढ़ने की सुविधा उपलब्ध है। अध्ययन करने के लिये आने वाले छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका भी विशेष ध्यान दिया जाता है। पुस्तक प्रदर्शनी के आयोजन से भी छात्र-छात्राओं को लाभ प्राप्त होगा। कार्यक्रम का संचालन प्रोग्राम अधिकार आरके त्रिवेदी ने किया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के सभी अतिथियों को पुस्तकें भेंट की गईं।

कलेक्टर ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन

कलेक्टर रुचिका चौहान ने 22 से 30 अगस्त तक संचालित होने वाली पुस्तक प्रदर्शनी का शुभारंभ करने के बाद प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस प्रदर्शनी में सभी आयु वर्ग के लोगों के लिये महत्वपूर्ण पुस्तकें उपलब्ध हैं। छोटे बच्चों और विद्यार्थियों के लिये भी अनेक पुस्तकें उपलब्ध हैं। प्रदर्शनी में उपलब्ध पुस्तकों की कीमत भी बहुत की फिफायती है।