ग्वालियर। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में महाविद्यालयों में प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों को प्रवेश का एक और अवसर मिला है। उच्च शिक्षा विभाग ने स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं की रिक्त सीटों पर 21 से 31 अगस्त तक अतिरिक्त कॉलेज लेवल काउंसलिंग आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इस चरण में प्रवेश “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर दिया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया ग्वालियर सहित प्रदेश के शासकीय, अनुदान प्राप्त अशासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में उपलब्ध रिक्त सीटों पर होगी। 31 अगस्त के बाद प्रवेश मान्य नहीं होगा। विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए संबंधित महाविद्यालय से आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्राप्त करने की सलाह दी गई है।
NCTE कोर्सो में द्वितीय अतिरिक्त चरण की समय-सारणी जारी
राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए भी द्वितीय अतिरिक्त चरण की समय-सारणी जारी की गई है। इसके तहत 20 से 24 अगस्त तक पंजीयन एवं आवेदन, 20 से 25 अगस्त तक दस्तावेजों का सत्यापन और 27 अगस्त को मेरिट सूची जारी की जाएगी। 29 अगस्त को सीट आवंटन होगा। आवंटित विद्यार्थियों को 29 अगस्त से 2 सितंबर तक संबंधित हेल्प सेंटर पर मूल दस्तावेज एवं टीसी/माइग्रेशन प्रमाण-पत्र के साथ उपस्थित होकर भौतिक सत्यापन और लिंक ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। 29 अगस्त से 3 सितंबर तक प्रवेश शुल्क जमा किया जा सकेगा। निर्धारित समय-सीमा में शुल्क जमा नहीं करने पर प्रवेश मान्य नहीं होगा। उच्च शिक्षा विभाग ने महाविद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सुचारु एवं समयबद्ध रूप से पूरी करें और विद्यार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
