ग्वालियर। केन्द्रीय प्रशिक्षण केंद्र, केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल ग्वालियर में राजस्थान पुलिस के अधिकारियों / कार्मिकों के तीन दिवसीय दौरे का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस महानिरीक्षक / प्राचार्य अनित कुमार सिंह के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
दौरे के दौरान राजस्थान पुलिस के प्रतिनिधिमंडल को सीटीसी ग्वालियर में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों, प्रशिक्षण पद्धतियों, आधुनिक प्रशिक्षण संसाधनों तथा संस्थान की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण एवं भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों के साथ अनुभवों का आदान-प्रदान किया गया तथा पुलिस बलों के बीच बेहतर समन्वय एवं प्रशिक्षण संबंधी उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों को साझा किया गया।
इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट / सीटीओ राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में उप कमांडेंट रिषि कुमार एवं सहायक कमांडेंट अनुज कुमार के मार्गदर्शन एवं समन्वय में किया गया। अधिकारियों द्वारा प्रतिभागियों को आवश्यक जानकारी प्रदान की गई तथा विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का व्यावहारिक अवलोकन कराया गया।
इस अवसर पर प्रशिक्षण संस्थानों के बीच आपसी समन्वय, प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार तथा आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। राजस्थान पुलिस के प्रतिनिधिमंडल द्वारा सीटीसी ग्वालियर में उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं एवं कार्यक्रम की सराहना की गई।
सीटीसी, सीआरपीएफ ग्वालियर द्वारा इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं अनुभव विनिमय कार्यक्रमों को पुलिस बलों के बीच बेहतर समन्वय, क्षमता निर्माण एवं व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया है।
