अपना शहर

"स्वच्छ भारत मिशन-2026"; स्वच्छ विद्यालय के लिए बच्चों को किया जागरूक, शहर के विभिन्न विद्यालयों में स्वच्छ विद्यालय प्रतियोगिता कार्यक्रमों का आयोजन, अब जागरूक बच्चे स्वयं अपने परिजनों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे

इधर स्वच्छ स्कूल कंपटीशन की तैयारियों की समीक्षा की, एक सितंबर को आयोजित होगा क्विज एवं डिबेट कंपटीशन,अधिक से अधिक विद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश

ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न विद्यालयों में स्वच्छ विद्यालय प्रतियोगिता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में बीते रोज शहर के 4 प्रमुख विद्यालयों में विशेष स्वच्छता कार्यक्रम और जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों को स्वच्छता के बारे में जागरूक किया गया, बच्चे स्वयं जागरूक होने के बाद अपने परिजनों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे। 

नगर निगम आयुक्त  संघ प्रिय एवं अपर आयुक्त टी प्रतीक राव के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत विद्यालयों को स्वच्छता मानकीकरण और रेटिंग मानकों की जानकारी देने के लिए विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। बुधवार को आयोजित कार्यशाला में सेंट-पॉल स्कूल मुरार और शा.एमएलबी कन्या विद्यालय मुरार, ग्रनीवुड पब्लिक स्कूल, वीनस पब्लिक स्कूल सहित कई प्रमुख स्कूलों के विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन ने भाग लिया तथा कार्यक्रम में छात्रों को स्वच्छता के विविध आयामों और कचरा प्रबंधन के महत्व से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि बच्चे स्वयं जागरूक होकर अपने परिजनों और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करेंगे, जिससे शहर को स्वच्छ बनाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर स्वच्छता एम्बेसडर आरजे अर्जुन, पवन दीक्षित,  प्रमोद धनेले, सहायक खेल अधिकारी सुश्री विजेता चौहान, एसबीएम कंसलटेट नवीन राणा, अमित सिंह सहित आईईसी टीम अधिकारियों के साथ उपस्थित रही।

1 सितंबर से शुरू होगी मुख्य प्रतियोगिता

प्रारंभिक गतिविधियों के माध्यम से सहभागी विद्यार्थियों का चयन कर लिया गया है, जिसके बाद अब मुख्य प्रतियोगिता 1 सितंबर 2026 से शुरू होने जा रही है। इस प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय का कुल 100 अंकों के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा।

20-20 अंकों की होगी 5 मुख्य गतिविधियां

स्वच्छ टॉयलेट परिसर शौचालयों की स्वच्छता एवं रख-रखाव, विद्यालय कम्पोस्टिंग स्कूल परिसर में गीले कचरे से खाद बनाना, सेंटर मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी का उचित संचालन, होम कम्पोस्टिंग विद्यार्थियों द्वारा घर पर जैविक खाद तैयार करना, कचरा पृथक्कीरण गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करना।

इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को कचरा प्रबंधन का सही तरीका सिखाया जा रहा है, ताकि वे न केवल स्कूल बल्कि अपने घर और आसपास के वातावरण को भी स्वच्छ रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें।

स्वच्छ स्कूल कंपटीशन की तैयारियों कीकी समीक्षा, एक सितंबर को होगी क्विज एवं डिबेट कंपटीशन, अधिक से अधिक विद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश

 नगर निगम ग्वालियर द्वारा अगस्त माह में आयोजित किए जा रहे स्वच्छ स्कूल कंपटीशन के अंतर्गत आगामी 1 सितंबर को आयोजित होने वाले क्विज एवं डिबेट कंपटीशन की तैयारियों को लेकर बुधवार को अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने प्रतियोगिता की तैयारियों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त मुकेश बंसल, मुख्य स्वच्छता अधिकारी वैभव श्रीवास्तव, सहायक खेल अधिकारी सुश्री विजेता सिंह चौहान, एसबीएम कंसल्टेंट एवं उनकी पूरी टीम उपस्थित रही। 

अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने निर्देशित किया कि स्वच्छ स्कूल कंपटीशन में अधिक से अधिक विद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए विद्यालयों से निरंतर संपर्क कर उन्हें प्रतियोगिता की जानकारी दी जाए तथा शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को स्वच्छता अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए जागरूक किया जाए।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने से वे अपने परिवार, अभिभावकों एवं आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित कर सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों में स्वच्छता संबंधी गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में संबंधित अधिकारियों ने क्विज एवं डिबेट कंपटीशन के आयोजन की तैयारियों, विद्यालयों की सहभागिता तथा विद्यार्थियों को प्रतियोगिता से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। अपर आयुक्त ने सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।