अपना शहर

"दूध, दुग्ध उत्पाद एवं मसालों की सघन जांच" ; विशेष अभियान में विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए नमूने, सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा

फूड सेफ्टी विभाग ने दूध, दुग्ध उत्पादों की सघन जांच तथा मिलावटी मावा के परिवहन पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है

ग्वालियर। जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा दूध, दुग्ध उत्पादों की सघन जांच तथा मिलावटी मावा के परिवहन पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर रूचिका चौहान के निर्देश पर गुरुवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शहर के विभिन्न डेयरी प्रतिष्ठानों एवं एक नाश्ता केंद्र का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। अभियान के दौरान खुर्जेवाला मोहल्ला स्थित मंगलम डेयरी से दूध एवं पनीर, राजपायगा रोड स्थित भरोसा डेयरी से दूध एवं दही, कम्पू स्थित जय हनुमान डेयरी से दूध एवं घी, लोहामंडी स्थित गोपाल डेयरी से दूध एवं दुग्ध उत्पाद, किलागेट स्थित न्यू श्रीराम डेयरी से दूध, पनीर एवं घी तथा सेवानगर, किलागेट रोड स्थित करह सरकार डेयरी से दूध एवं पनीर के नमूने लिए गए।

इसके अलावा फूलबाग स्थित सांवरिया सेठ नाश्ता सेंटर से हल्दी, धनिया एवं मिर्च पाउडर के नमूने भी जांच के लिए संग्रहित किए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा संबंधित प्रकरणों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।