टॉप न्यूज़

रेत के अवैध परिवहन में लिप्त 10 ट्रेक्टर-ट्रॉली जब्त ; शहर की सीमा पर स्थित तिराहा-चौराहों पर छापामार कार्रवाई कर पकड़ीं ट्रेक्टर-ट्रॉली, संबंधित पुलिस थानों की अभिरक्षा में रखवाया है

कलेक्टर के निर्देश पर गुरुवार की सुबह 7 बजे एसडीएम के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने विक्की फैक्ट्री तिराहा व हुरावली चौराहा सहित अन्य स्थानों पर छापामर कार्रवाई की गई

ग्वालियर। जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन व भण्डारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही शहर की सीमा पर स्थित विभिन्न तिराहों-चौराहों पर रेत की ट्रॉली खड़ी करने की प्रवृत्ति पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस कड़ी में कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर गुरुवार की सुबह लगभग 7 बजे अनुविभागीय दण्डाधिकारी झांसी रोड श्री अतुल सिंह के नेतृत्व में गई संयुक्त टीम ने विक्की फैक्ट्री तिराहा व हुरावली चौराहा सहित अन्य स्थानों पर छापामर कार्रवाई की। इस दौरान रेत से भरे 10 ट्रेक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए। 
    प्रभारी खनिज अधिकारी घनश्याम यादव ने बताया कि अवैध व ओवरलोड रेत से भरे 7 ट्रेक्टर-ट्रॉली झांसी रोड थाना क्षेत्र में जब्त की गई हैं। इसी तरह तीन ट्रेक्टर ट्रॉली सिरोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत जब्त की गई हैं। इन ट्रेक्टर-ट्रॉलियों को संबंधित पुलिस थाना की अभिरक्षा में भेजा गया है। साथ ही इस अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। 
    कार्रवाई के लिये गई टीम में एसडीएम झांसी रोड अतुल सिंह व तहसीलदार कुलदीप दुबे सहित अन्य राजस्व अधिकारी, प्रभारी खनिज अधिकारी घनश्याम यादव व पुलिस के अधिकारी- कर्मचारी शामिल थे।