क्राइम

पुलिस कस्टडी से फरार गुना का कुख्यात सीरियल किलर हनी दुबे विनयनगर में बंद घर से पकड़ा है , कई थानों का पुलिस फोर्स उसकी तलाश में जुटा था

आजीवन कारावास की सजा काट रहा हनी दुबे पैरोल खत्म होने के बाद केंद्रीय जेल ग्वालियर वापस नहीं लौटा था, एक बार फिर पुलिस की गिरफ्त में आया है

ग्वालियर। पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस कस्टडी से फरार हुआ गुना का कुख्यात सीरियल किलर हनी दुबे आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। हैरानी की बात यह है कि पुलिस जिसे पूरे शहर में तलाश रही थी। वह बहोड़ापुर थाने से महज 100 मीटर दूर एक डॉक्टर के बंद मकान के अंदर चौकीदार रूम में छिपकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। जैसे ही बंद मकान का ताला खुला, पुलिस ने 4 घंटे बाद उसे दबोच लिया। आरोपी को दोबारा बहोड़ापुर थाने लाया गया है।

गुना का कुख्यात सीरियल किलर हनी दुबे जिसने अपनी मां के साथ मिलकर साल 2017 में तीन युवकों हेमंत मीणा,लोकेश लोधा और ऋतिक नामदेव की हत्या कर उनके शव जला दिए थे। एक बार फिर पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। आजीवन कारावास की सजा काट रहा हनी दुबे पैरोल खत्म होने के बाद केंद्रीय जेल ग्वालियर वापस नहीं लौटा था। जेल प्रशासन की शिकायत पर बहोड़ापुर थाना पुलिस ने उसे गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर हाथरस से पकड़ लिया था। लेकिन जब पुलिस उसे एफआरवी वाहन से केंद्रीय जेल लेकर जा रही थी। तभी वह पुलिस कर्मियों को गाड़ी में धक्का देकर फरार हो गया। इसके बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और कई थानों का पुलिस बल उसकी तलाश में जुट गया।