टॉप न्यूज़

"ग्वालियर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई"; कई स्थानों पर एक साथ आबकारी दलों ने दबिश दी , करीब 35 हजार रुपये की अवैध शराब जब्त, 5 प्रकरण दर्ज

मोहनपुर से 3000 किलो गुड़ लाहन नष्ट किया, मांगूपुरा व बहोड़ापुर से शराब बरामद, जब्त की गई अवैध मदिरा का अनुमानित मूल्य करीब 35 हजार रुपये बताया गया है

ग्वालियर। कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देशानुसार जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई करते हुए पांच प्रकरण दर्ज किए हैं। कार्रवाई में बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई तथा हजारों किलोग्राम गुड़ लाहन को मौके पर ही नष्ट किया गया। आबकारी विभाग की टीम ने मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर मोहनपुर कंजर डेरा, पुरानी छावनी, राय गार्डन, लद्देड़ी, मांगूपुरा तथा गर्ग मार्केट (टीपी नगर, बहोड़ापुर) सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान मोहनपुर कंजर डेरा में लगभग 3000 किलोग्राम गुड़ लाहन के नमूने लेकर शेष सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। मांगूपुरा (थाना पुरानी छावनी, घाटीगांव) से 101 पाव देशी प्लेन मदिरा एवं 17 पाव मसाला देशी मदिरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है । वहीं पुरानी छावनी क्षेत्र से 35 पाव प्लेन देशी मदिरा तथा गर्ग मार्केट, ट्रांसपोर्ट नगर बहोड़ापुर से 21 पाव प्लेन देशी मदिरा बरामद की गई।

पूरी कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत कुल पांच प्रकरण दर्ज किए गए। जब्त की गई अवैध मदिरा का अनुमानित मूल्य करीब 35 हजार रुपये बताया गया है।

इस कार्रवाई में आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी  संतोष कुमार यादव के नेतृत्व में आबकारी उप निरीक्षक विवेक पटसरिया, रोशनी पाटीदार, सुरेश पारासर सहित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आबकारी विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।