राजनीति

विधानसभा उप-निर्वाचन दतिया; उपचुनाव का कार्य निष्पक्षता व गंभीरता के साथ करें : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने उप निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा कर दिए निर्देश

इधर जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में स्वीप गतिविधियों में विद्यालयों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम किए, मतदाताओं को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है

भोपाल। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश संजीव कुमार झा ने आज बुधवार को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक दतिया के साथ वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से बैठक की। दतिया विधानसभा में होने वाले उप निर्वाचन के संबंध में की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि उप निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारी निष्पक्षता और गंभीरता के साथ निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप कार्य करें। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झा ने कहा कि स्वीप गतिविधियों के माध्यम से प्रचार प्रसार में तेजी लाएं। मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करें। इसके साथ ही मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी  झा ने क्रिटिकल मतदान केंद्र, बॉन्ड ओवर, वल्नरेबल मतदान, इंटर स्टेट नाकों पर की जा रही कार्रवाई, अवैध हथियारों की जब्ती, पेड न्यूज और आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर मिल रही शिकायतों पर की जाने वाली कार्रवाई और कानून-व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। 

बैठक के दौरान संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रामप्रताप सिंह जादौन, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुरभि तिवारी, संजय कुमार श्रीवास्तव, राजेश यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे

 दतिया में स्वीप गतिविधियों अंतर्गत विद्यालयों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, मतदाता जागरूकता शपथ दिलाई 

दतिया विधानसभा उप निर्वाचन-2026 के अंतर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में जिले के विभिन्न विद्यालयों में मतदाता जागरूकता के लिए स्वीप (SVEEP) गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालयीन स्टॉफ ने लोकतंत्र को सशक्त बनाने तथा शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करने की मतदाता जागरूकता शपथ दिलाई जा रही है। साथ ही "एक पौधा लोकतंत्र के नाम" के तहत पौध-रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जाहिर की जा रही है।

विद्यालयों में रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है। मतदाताओं को अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

स्वीप गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन के माध्यम से मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागी बनाना है।है।