टॉप न्यूज़

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन "एनएचएम" ने संविदा कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा बढ़ाई; संविदा के दिवंगत कर्मचारी के आश्रित को मिलेगी ग्रेच्यूटी,उनकी सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाया है

इस पहल से कर्मचारियों के परिवारों को कठिन परिस्थितियों में आर्थिक संबल मिलेगा, एनएचएम के इतिहास में पहली बार एक दिवंगत संविदा कर्मचारी के आश्रित को मृत्यु के बाद ग्रेच्यूटी राशि का भुगतान किया

ग्वालियर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) मध्यप्रदेश ने संविदा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उनकी सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ा दिया है। अब पात्र संविदा कर्मचारियों के साथ-साथ सेवा अवधि के दौरान निधन होने पर उनके आश्रितों को भी उपादान (ग्रेच्यूटी) का लाभ मिलेगा। इस पहल से कर्मचारियों के परिवारों को कठिन परिस्थितियों में आर्थिक संबल प्राप्त होगा।

इसी दिशा में 8 जुलाई को एनएचएम के इतिहास में पहली बार एक दिवंगत संविदा कर्मचारी के आश्रित को मृत्यु उपरांत ग्रेच्यूटी राशि का भुगतान किया गया। इसे संविदा कर्मचारियों के कल्याण और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अपर मिशन संचालक एनएचएम दिशा प्रणय नागवंशी ने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग के परिपत्र के अनुपालन में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने 26 अगस्त 2025 से उपादान भुगतान की प्रक्रिया लागू की है। उपादान भुगतान अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के अनुसार 1 सितंबर 2025 के बाद सेवा पूर्ण करने वाले पात्र संविदा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ग्रेच्यूटी का लाभ मिलेगा। वहीं, सेवा अवधि के दौरान किसी कर्मचारी का निधन होने पर उसके आश्रित भी इस राशि के पात्र होंगे।

एनएचएम पहले से ही संविदा कर्मचारियों और उनके आश्रितों को अनुग्रह राशि, अनुकंपा नियुक्ति तथा अब ग्रेच्यूटी जैसे वैधानिक लाभ उपलब्ध करा रहा है। मिशन का उद्देश्य कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने के साथ उनके परिवारों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है, जिसके लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।