ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 13 मार्च को ग्वालियर जिले का प्रवास कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस दिन मुख्यमंत्री यादव के मुख्य आतिथ्य में घाटीगाँव में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत राज्य स्तरीय कार्यक्रम प्रस्तावित है। साथ ही इस अवसर पर भितरवार विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी मुख्यमंत्री द्वारा किया जायेगा।
कलेक्टर रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने रविवार को घाटीगाँव पहुँचकर प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। इस अवसर पर विधायक मोहन सिंह राठौर भी विशेष रूप से मौजूद थे। साथ ही जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम स्थल के अवलोकन के दौरान कलेक्टर चौहान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी तैयारियों को समय-सीमा में पूरा करें। साथ ही व्यवस्थायें ऐसी हों, जिससे महिलाओं सहित अन्य नागरिक सुविधाजनक तरीके से निर्धारित स्थल पर पहुँच सकें। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखकर पेयजल की पुख्ता व्यवस्था की जाए।जाए।
