देश

सेना के पराक्रम के सम्मान में चलाया है हर घर तिरंगा अभियान; शहर में राजमाता विजयाराजे सिंधिया तिराहे सिटी सेंटर से बारादरी मुरार तक निकली तिरंगा यात्रा

ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर में तिरंगा यात्रा से उठी देशभक्ति के जज्बे की हिलोरें, मुख्यमंत्री की अगुआई में ग्वालियर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेना के पराक्रम को नमस्कार करने के लिये “हर घर तिरंगा” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत वीर सपूतों, बलिदानियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की धरती ग्वालियर में आयोजित हुई देशभक्ति से ओतप्रोत भव्य तिरंगा यात्रा में शामिल होकर मुझे अत्यंत खुशी का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि गर्व की बात है कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने इस बार पाकिस्तान में भीतर घुसकर आतंकवादियों को मारने के साथ-साथ उनके विमान व अस्त्र-शस्त्र नष्ट करने का साहसिक काम किया है। 

ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर में सोमवार को मुख्यमंत्री यादव की अगुआई में राजमाता विजयाराजे सिंधिया चौराहा से विशाल तिरंगा यात्रा निकली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव खुले वाहन पर सवार होकर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, सामाजिक न्याय मंत्री  नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्जा मंत्री तोमर और भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। तिरंगा यात्रा में सभापति  मनोज तोमर तथा सर्वश्री रामनिवास रावत, मुन्नालाल गोयल, महेन्द्र सिंह यादव, अभय चौधरी, कमल माखीजानी, विनय जैन, विनोद शर्मा व दीपक शर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक सहभागी बने।  

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तिरंगा यात्रा के शुभारंभ पर कहा कि पूरे देश में घर-घर तिरंगा अभियान चल रहा है। मध्यप्रदेश के सभी हिस्सों में रैलियों के माध्यम से देश की सेना ने ऑपरेशन सिंदूर में जो कर दिखाया है उसके प्रति सम्मान प्रकट करते हुए स्वतंत्रता का उत्सव मनाया जा रहा है। मेरी ओर से ग्वालियर वासियों को भी इस अभियान को भव्यता के साथ मनाने के लिये बधाई । उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में दुनिया के सामने हमारी सेना ने जो दमखम दिखाया है वह वाकई में अद्भुत है। 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह भी कहा कि खुशी की बात है कि आज ग्वालियर में सेना के पराक्रम के सम्मान में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। साथ ही एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों पर केन्द्रित कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

बच्चों पर पुष्पवर्षा कर अभीभूत हुए मुख्यमंत्री यादव 

तिरंगा यात्रा शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजमाता विजयाराजे सिंधिया चौराहे पर तिरंगा यात्रा के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में महापुरुषों की वेशभूषा में आए बच्चों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा सिटी सेंटर, पटेल नगर, गाँधी रोड़ व आकाशवाणी तिराहे से होते हुए राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विवि पहुँची। इसका एक वृहद हिस्सा आकाशवाणी तिराहे से ठाठीपुर, कुम्हरपुरा व शहीद गेट होते हुए बारादरी मुरार तक पहुँचा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तिरंगा यात्रा के सम्मान में खड़े लोगों एवं प्रतिभागियों पर पुष्प वर्षा कर सभी का उत्साहवर्धन किया। 

सम्पूर्ण यात्रा मार्ग हुआ तिरंगामय 

भारतीय आन-बान और शान के प्रतीक तिरंगा थामकर बाइकर्स, सैन्य व पुलिस बल के जवान, एनसीसी की सभी विंग, भूतपूर्व सैनिक, विद्यार्थी, दिव्यांग, जनप्रतिनिधिगण व गणमान्य नागरिक सहित विभिन्न शासकीय, सामाजिक व स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधिगण तिरंगा यात्रा लेकर निकले तो सम्पूर्ण यात्रा मार्ग तिरंगामय हो गया। बीच-बीच में विभिन्न स्थानों पर बने मंचों पर गूँज रहे आजादी के तराने व भारतीय संस्कृति से ओत-प्रोत रंगारंग कार्यक्रमों से लोगों में देश भक्ति का जज्बा हिलोरें लेने लगा। साथ ही जगह-जगह पर रंगों व फूलों की रंगोलियां और आजादी व देश की रक्षा के लिये अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों की वेशभूषा में सजे-धजे बच्चे व कलाकार एवं तिरंगा लेकर शामिल हुए दिव्यांग बाइकर्स एवं एसएएफ द्वितीय वाहिनी बैंड की प्रस्तुतियाँ भी आकर्षण का केन्द्र रहीं। 

कलेक्टर एवं एसपी दुपहिया वाहन चलाकर यात्रा में हुए शामिल  

संभाग आयुक्त मनोज खत्री, पुलिस महानिरीक्षक अरविंद सक्सेना व पुलिस उप महानिरीक्षक अमित सांघी भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। साथ ही कलेक्टर  रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  धर्मवीर सिंह, सीईओ जिला पंचायत विवेक कुमार, नगर निगम आयुक्त  संघ प्रिय व अपर कलेक्टर  कुमार सत्यम सहित जिला प्रशासन व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी स्कूटी व बाइक पर सवार होकर एवं तिरंगा थामकर तिरंगा यात्रा में सहभागिता की।    

तिरंगा यात्रा के साथ-साथ निगम ने चलाया स्वच्छता अभियान


सेना के पराक्रम को नमस्कार करने के लिये “हर घर तिरंगा” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत वीर सपूतों, बलिदानियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की धरती ग्वालियर में आयोजित हुई देशभक्ति से ओतप्रोत भव्य तिरंगा यात्रा राजमाता चौराहे से निकाली गई। जहां जहां से तिरंगा यात्रा निकली वहां निगम के अमले ने सड़कों की सफाई कराई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अगुआई में तिरंगा यात्रा राजमाता चौराहे से प्रारंभ होकर सिटी सेंटर, पटेल नगर, गाँधी रोड़ व आकाशवाणी तिराहे से होते हुए राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय पहुँची। तिरंगा यात्रा के पीछे निगम के कचरा संग्रहण वाहन चल रहे थे, जिनमें उपस्थित सफाई कर्मचारियों द्वारा सड़कों की त्वरित सफाई कराई जा रही थी।

दिव्यांगजनों ने भी निकाली तिरंगा यात्रा 

⁠⁠⁠⁠⁠⁠⁠⁠⁠⁠⁠⁠⁠⁠
ग्वालियर जिले में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें शहर के दिव्यंजनो ने भी अपनी मोटर ट्राईसाइकिल के साथ तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अभिवादन किया। यात्रा में दिव्यांगजन एवं सामाजिक न्याय विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी  शामिल हुए। शहर में निकाली जा रही तिरंगा यात्रा का स्वागत दिव्यांगजनों ने गांधी रोड पर किया गया। तिरंगा यात्रा में समाजसेवी अनूप जौहरी, ज्ञानसिंह कुशवाहा, लक्ष्मी नारायण कुशवाहा, घनश्याम माहौर, संजय रजक, हेमंत कुशवाह, राजेंद्र राणा, आशीष शिवहरे, प्रमोद, इरफान, बाबूलाल प्रजापति, दिनेश पाल, राजेश राठौर, बलबीर गर्ग, धर्मेंद्र बाथम, शरीफ खान आदि दिव्यांगजन सम्मिलित हुए।