टॉप न्यूज़

"ग्वालियर व्यापार मेला 2026-27"; मेले की अनारक्षित दुकानों का ऑनलाइन आवंटन 26 नवम्बर से, एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर किये जा सकेंगे आवेदन, 10 दिसम्बर तक करें दुकानें तैयार

रिक्त दुकानों का विवरण 26 नवम्बर 2026 से ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध रहेगा, व्यापारी पोर्टल पर दुकानों का विवरण देखकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे

ग्वालियर। ऐतिहासिक ग्वालियर व्यापार मेले की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण द्वारा इस वर्ष मेले का आयोजन 15 दिसम्बर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक किया जाएगा। मेले में दुकानें आवंटित कराने के इच्छुक व्यापारियों के लिए 26 नवम्बर से अनारक्षित श्रेणी की दुकानों का ऑनलाइन आवंटन प्रारंभ होगा। इच्छुक व्यापारी एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। 

मेला प्राधिकरण के सचिव  सुनील त्रिपाठी ने बताया कि मेले में आरक्षित श्रेणी की दुकानों के आवंटन के लिए 12 अक्टूबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इस प्रक्रिया के तहत अब तक कुल 1,931 आवेदन प्राप्त हुए हैं। आरक्षित श्रेणी की जिन दुकानों के लिए आवेदन प्राप्त नहीं हुए हैं, उन्हें अनारक्षित श्रेणी में शामिल किया गया है। इसके अलावा वर्ष 2025-26 की अनारक्षित श्रेणी की दुकानें भी आवंटन के लिए उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने बताया कि अनारक्षित श्रेणी की दुकानों एवं रिक्त दुकानों का विवरण 26 नवम्बर 2026 से ऑनलाइन पोर्टल Gwaliormela.mponline.gov.in पर उपलब्ध रहेगा। व्यापारी पोर्टल पर दुकानों का विवरण देखकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

बीमा एवं अग्नि सुरक्षा की व्यवस्था पूरी करने पर मिलेगा आधिपत्य

मेला प्राधिकरण के सचिव  त्रिपाठी ने ऑनलाइन आवंटन प्राप्त कर चुके दुकानदारों से आग्रह किया है कि वे तत्काल अपनी आवंटित दुकान का बीमा कराएं तथा अग्नि सुरक्षा यंत्र खरीदकर उसकी रसीद पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड करें। प्राधिकरण की इन औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद ही दुकानदारों को दुकान का विधिवत आधिपत्य प्रदान किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर आधिपत्य प्राप्त नहीं करने पर संबंधित दुकान अथवा भूखंड का आवंटन निरस्त किया जा सकता है।

10 दिसम्बर तक दुकानें तैयार करें

मेला प्राधिकरण ने सभी आवंटित दुकानदारों एवं व्यापारियों से आग्रह किया है कि इस साल मेले का आयोजन 15 दिसम्बर से होने जा रहा है, इस बात को ध्यान में रखकर दुकानदार 10 दिसम्बर 2026 तक अपनी दुकानों को तैयार कर लें। समय से दुकानें तैयार होने से व्यापारिक गतिविधियां प्रारंभ हो सकेंगी, जिससे मेले का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित होगा।होगा।