टॉप न्यूज़

"किसानों के लिए राहत की खबर"; हरसी बांध से 21 नवंबर को सुबह 11 बजे छोड़ा जाएगा सिंचाई के लिए पानी; ग्वालियर जिले में रबी सीजन में 1,24,338 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित है सिंचाई

पलेवा और गेहूं की बोवनी की तैयारी में मिलेगी सुविधा, कलेक्टर की अध्यक्षता में शुक्रवार को वीसी से हुई जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया

ग्वालियर। रबी सीजन में गेहूं की फसल की तैयारी कर रहे जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। हरसी बांध से शनिवार, 21 नवंबर को सुबह 11 बजे सिंचाई के लिए पानी छोड़ा जाएगा। यह निर्णय शुक्रवार को कलेक्टर रुचिता चौहान की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित हुई जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक में सर्वसम्मति से लिया है। बैठक में विधायक भितरवार मोहन सिंह राठौर व विधायक डबरा  सुरेश राजे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री अग्निवेश सिंह व आर के भलावी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हरसी बांध की मुख्य नहर एवं हाई लेवल नहर से मिलेगा पानी

बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार हरसी बांध की मुख्य नहर एवं हरसी हाई लेवल नहर को 21 नवंबर को सुबह 11 बजे खोला जाएगा, जिससे नहरों के माध्यम से किसानों को रबी फसलों के पलेवा व सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा।

भितरवार में सर्वाधिक 57,670 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई प्रस्तावित

बैठक में यह भी बताया गया कि ग्वालियर जिले में रबी सिंचाई वर्ष 2026-27 में कुल 1,24,338 हेक्टेयर रकबे में सिंचाई प्रस्तावित है, जिसमें विकासखंडवार भितरवार में 57,670 हेक्टेयर, डबरा में 30,791 हेक्टेयर, घाटीगांव में 7,300 हेक्टेयर तथा मुरार में 28,577 हेक्टेयर क्षेत्र शामिल है।

पलेवा और गेहूं की बोवनी की तैयारी में मिलेगी सुविधा

हरसी बांध से नहरों के माध्यम से पानी छोड़े जाने से क्षेत्र के किसानों को खेतों में पलेवा करने तथा गेहूं की बोवनी की तैयारी में सुविधा मिलेगी।

किसानों से अपील-:आवश्यकता अनुसार करें पानी का उपयोग, बर्बादी न करें

किसानों से अपील भी की गई है कि वे सिंचाई के पानी का उपयोग आवश्यकता एवं निर्धारित व्यवस्था के अनुसार करें तथा पानी की अनावश्यक बर्बादी न करें, जिससे नहर के अंतिम छोर तक के किसानों को भी पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध हो सके।