राजनीति

"उपनगर ग्वालियर में 15 करोड़ की मुख्य सड़क सहित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन"; वार्ड-6 को मिली 81.48 लाख की सौगात, उपनगर ग्वालियर का चहुंमुखी विकास होगा

ऊर्जा मंत्री तोमर बोले उपनगर में सामुदायिक भवनों और आंतरिक सड़कों के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी, यह भूमि-पूजन कार्यक्रम क्षेत्र के विकास में एक नया अध्याय है

ग्वालियर। उपनगर ग्वालियर के चहुंमुखी विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से  सोमवार को आज क्षेत्र को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मुख्य अतिथि के रूप में 15 करोड़ रुपये की लागत से बहोड़ापुर चौराहे से सागरताल होते हुए दुर्गादास राठौर प्रतिमा तक बनने वाली प्रमुख सड़क के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया।

 इस अवसर पर साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, पार्षद दीपक मांझी, पूर्व पार्षद केशव मांझी, जगत सिंह कौरव, महेश भदौरिया,  शैलेन्द्र सिकरवार,  हेतराम बाथम, धीरू यादव सहित जिला प्रशासन, नगर निगम, विद्युत विभाग के अधिकारी एवं बडी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। 

 ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि उपनगर ग्वालियर में शिक्षा, विद्युत, सड़क और सीवर लाइन बिछाने का कार्य पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज का यह कार्यक्रम मात्र भूमिपूजन नहीं है, बल्कि क्षेत्र के विकास में एक नया अध्याय है, जिससे आवागमन सुगम होगा और स्थानीय व्यापार व जनजीवन को नई गति मिलेगी। इन विकास कार्यों के शुरू होने से सड़कों और सामुदायिक भवनों के निर्माण से लंबे समय से चली आ रही समस्याएं दूर होंगी और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। 

 उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए निंरतर कार्य किये जा रहे हैं। अब ग्वालियर में बडे-बडे उद्योग लगने जा रहे हैं। विगत दिवस भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा टीएमजेड के निवेशकों को आवंटन पत्र वितरित किए। ग्वालियर के साडा क्षेत्र में टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जॉन करोडों की लागत से बनाया जा रहा है, जिससे लगभग 22 हजार लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे, जिसका सीधा लाभ ग्वालियर के नागरिकों को मिलेगा। 

वार्ड क्रमांक-6 में इन विकास कार्यों का भी हुआ भूमिपूजन 

 मुख्य सड़क के साथ-साथ ऊर्जा मंत्री तोमर ने वार्ड क्र.-6 के अंतर्गत आने वाले विभिन्न मोहल्लों और कॉलोनियों में भी सामुदायिक भवनों और सीसी सड़कों के निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। जिसमें लधेड़ी स्थित बम-भोले की बगिया में 24 लाख 73 हजार रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण, 20 लाख 33 हजार रुपये की लागत से मोहर सिंह यादव के घर से किशन यादव के घर तक एवं चंदन यादव के घर से माता मंदिर तक सड़क का निर्माण, राय कॉलोनी में 14 लाख 65 हजार रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण, राय कॉलोनी के पास बद्री पंडित जी के घर से धरी सिंह के होटल तक 21 लाख 77 हजार रुपये की लागत से सीसी सड़क का निर्माण शामिल है।