ग्वालियर। शहर के एलएनआईपीई कैंपस में चल रहे 'यंग थिंकर्स कॉन्फ्लुएंस' के दूसरे दिन प्रख्यात विद्वान पद्मश्री भरत गुप्त ने भी युवाओं से संवाद किया। द्वितीय दिवस के प्रथम सत्र में 'रस बोध के भारतीय दृष्टिकोण' विषय पर बोलते हुए उन्होंने भारतीय कला परंपरा और सौंदर्य-शास्त्र की व्याख्या की। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के आगमन के बाद पश्चिमी साहित्य के अध्ययन से हमारे मन में सौंदर्य को समझने और उसकी व्याख्या करने का प्रश्न उठा। पश्चिमी दृष्टिकोण के प्रभाव से सौंदर्य को देखने का एक नया नजरिया विकसित हुआ। उन्होंने कहा कि एस्थेटिक्स का संबंध किसी वस्तु को छूने, समझने और देखने की अनुभूति से है।
भारतीय कला की विशेषता बताते हुए उन्होंने कहा कि यह सूक्ष्म शरीर और स्थूल शरीर की एकात्मता को अभिव्यक्त करती है। भाव का अर्थ केवल इमोशन नहीं, बल्कि विचार भी है। भरतमुनि ने आठ स्थायी भावों और 33 अथवा 36 व्यभिचारी भावों का उल्लेख किया है। भावों की अभिव्यंजना का प्रभाव व्यापक और दूरगामी होता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय कला में रस की प्राप्ति को मोक्ष की ओर अग्रसर होने का माध्यम माना गया है। रस जीवन के अर्थ को भी प्रकट करता है। रसात्मकता, सात्विक जीवन और सात्विक भाव भारतीय कला के प्रमुख सिद्धांत हैं। ये सिद्धांत व्यक्ति को सत्त्व की ओर ले जाते हैं और भारतीय समाज के व्यवहार में भी इनकी उपस्थिति रही है। भारतीय कला की इस परंपरा को समझने के लिए हमें अपनी श्रेष्ठ संस्कृति, साहित्य और दर्शन का अध्ययन करना चाहिए।
दूसरे सत्र में प्रख्यात लेखक पंकज सक्सेना, प्रोफेसर मृत्युंजय गुहा मजूमदार, प्रख्यात शिक्षाविद्, लेखिका एवं इतिहासकार अमी गणात्रा, संक्रांत सानू और नबारुन बरुआह ने भी अपने विचार रखे।
सिंधिया ने युवाओं से किया संवाद, बोले- ग्वालियर आने में देरी क्यों
तीसरे सत्र के मुख्य वक्ता केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया थे। सत्र का संचालन रितेश गोयल ने किया। उन्होंने कहा कि पिछले 400 वर्षों के इतिहास में विश्व में जितनी भी बड़ी क्रांतियां हुई हैं, उन्होंने केवल तकनीक को ही नहीं बदला, बल्कि सभ्यता के स्वरूप को भी परिवर्तित किया है। रेलगाड़ी के आविष्कार ने केवल परिवहन और व्यापार को प्रभावित नहीं किया, बल्कि आम व्यक्ति के जीवन में भी व्यापक बदलाव लाया। इसी प्रकार दूरसंचार के नवाचार ने अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ा। इससे दुनिया को देखने और समझने का नजरिया बदल गया।
उन्होंने कहा कि पहले बड़े बदलाव आने में दशकों लगते थे, लेकिन इंटरनेट क्रांति के बाद अब परिवर्तन महीनों में होने लगे हैं। भारत में ब्रॉड-बैंड कनेक्शन की संख्या पहले करीब 6 करोड़ थी, जो बीते 12 वर्षों में बढ़कर 108 करोड़ तक पहुंच गई है। यह तकनीकी विस्तार और नवाचार की गति को दर्शाता है।
सिंधिया ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर कहा कि जब कंप्यूटर आया था, तब भी लोगों ने आशंका जताई थी कि इससे नौकरियां समाप्त हो जाएंगी। लेकिन एआई को एक उपकरण के रूप में देखना चाहिए, जो हमारी शोध और कार्यक्षमता को बढ़ाने में मदद करता है। पहले जिन विषयों पर हम सीमित स्तर पर काम कर पाते थे, एआई की मदद से अब उनका व्यापक और गहन अध्ययन संभव है। चिकित्सा विज्ञान सहित अनेक क्षेत्रों में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं।
उन्होंने युवाओं से कहा कि नवाचार और नई तकनीक से डरने के बजाय उसका भरपूर उपयोग करें, लेकिन इसके साथ अपने ज्ञान का आधार मजबूत बनाए रखें। आज मोबाइल पर बढ़ती निर्भरता के कारण अध्ययन की गहराई कम होती जा रही है। युवाओं में विचारों की गहराई और गंभीरता होना आवश्यक है। जब विचारों में गहराई होगी, तभी वे अपने भविष्य की दिशा तय कर सकेंगे। यह गहराई अनुभव, अध्ययन और नवाचार से ही आती है।
आज होगा कॉन्फ्लुएंस का समापन
कॉन्फ्लुएंस का रविवार को तृतीय दिवस पर समापन होगा, जिसमें उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार भी भाग लेंगे। फोरम के निदेशक आशुतोष सिंह ठाकुर ने बताया कि कॉन्फ्लुएंस के चौथे दिन, 23 नवंबर को मध्यप्रदेश के गोल्डन ट्रायंगल के रूप में प्रसिद्ध ग्वालियर क्षेत्र के ऐतिहासिक स्थलों बटेश्वर, मितावली और पड़ावली में हेरिटेज वॉक आयोजित की जाएगी। इस दौरान विशेषज्ञ प्रतिभागियों को इन ऐतिहासिक स्थलों के गौरवशाली इतिहास, स्थापत्य कला और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराएंगे। यह गतिविधि युवाओं को भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर प्रदान करेगी।
