ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर में यंग थिंकर्स कन्फ्लुअंस-2026 समारोह में युवाओं से संवाद किया। उन्होंने यंग थिंकर्स एवं सुधिजनों को देवोत्थान एकादशी (तुलसी विवाह) की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज से श्रीहरि विष्णु योगनिद्रा से जाग गए हैं। युवा ही देश और समाज में परिवर्तन लाते हैं। यह समय सबके जागने और समाज को जगाने का भी है। देवोत्थान एकादशी पर हम सभी नए विचारों, नए संकल्पों के साथ जागृत हों। हमें अपने भविष्य की चुनौतियों से मुकाबले के लिए भी तैयार होना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दौर में भारत विश्व का सबसे युवा देश है और यह हमारी पूंजी भी है, लेकिन युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति फोकस्ड होने और प्रतिस्पर्धियों से आगे निकलने के लिए खुद को योग्य बनाना होगा। इसके लिए युवाओं को सही दिशा दिखाने की आवश्यकता है। यंग थिंकर्स कन्फ्लुअंस-2026 का उद्देश्य भी यही है।
मुख्यमंत्रीमुख्यमंत्री ने कहा कि इस तीन दिवसीय आयोजन में भारतीय ज्ञान परम्परा, दर्शन सहित 300 से अधिक विषयों पर वैचारिक मंथन होगा। उन्होंने कहा कि भारत ही दुनिया में एक-मात्र देश है, जो हर तरह के विचारों और धारणाओं का स्वागत करता है। यहां विचारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है और यह हमारी खूबी भी है। मुख्यमंत्री ने तीन दिवसीय 'थिंकर्स कॉन्फ्लुएंस-2026' की सराहना करते हुए कहा कि देशभर से पंजीयन और चयन प्रक्रिया के माध्यम से चुने गए 300 युवाओं के विचारों का यह संकलन पीएम नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प को सिद्ध करेगा। मुख्यमंत्री यादव ने ग्वालियर के लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान में तीन दिवसीय यंग थिंकर्स कन्फ्लुअंस- 2026 के आठवें संस्करण का शुभारंभ किया।
इस तीन दिवसीय आयोजन में देश के 26 राज्यों से चयनित लगभग 350 युवा विद्वान, अचीवर्स, कलाकार और लेखक भाग ले रहे हैं। समारोह में मुख्यमंत्री ने लेखक श्रीकृष्ण श्रीवास्तव द्वारा लिखित 'अल्लामा इक़बाल के दो चेहरे' नामक पुस्तक का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि हम प्रदेश के युवाओं की असीम ऊर्जा, योग्यता, उनके कौशल, हुनर, नवाचारी सोच और उनकी कार्य दक्षता का उपयोग मध्यप्रदेश के विकास में करने के लिए युवाओं को हरसंभव अवसर उपलब्ध कराएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने अगले वर्ष को युवा वर्ष घोषित किया है। युवाओं के कल्याण के लिए हमारी सरकार ने अनेक कदम उठाए हैं। युवा वर्ष में हम योजनाबद्ध रूप से अपने प्रयासों को और भी गति देंगे। कार्यक्रम में भारतीय शास्त्रीय संगीतविद् एवं नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के उपाध्यक्ष पद्मश्री डॉ. भरत गुप्त, अखिल भारतीय साहित्य परिषद के संरक्षक श्रीधर पराडकर, एलएनआईपीई की कुलपति डॉ. कल्पना शर्मा एवं यंग थिंकर्स फोरम के निदेशक आशुतोष सिंह ठाकुर मंचासीन थे। उदघाटन सत्र में सिने अभिनेता पियूष मिश्रा सहित अन्य विद्वान और देश के विभिन्न राज्यों से आए युवा चिंतक उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदर्शनी व पुस्तक मेले का किया उदघाटन, ज्ञानवर्धक पुस्तकें भी खरीदीं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 'थिंकर्स कॉन्फ्लुएंस-2026' आयोजन स्थल पर मंदिर स्थापत्य, बंगाल नरसंहार और भारतीय विचारकों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का उदघाटन किया। साथ ही पुस्तक मेला का भी शुभारंभ किया। उन्होंने पुस्तक मेले में विभिन्न प्रकाशकों के स्टॉलों पर पहुँचकर पुस्तकें देखीं। साथ ही ज्ञानवर्धक पुस्तकें खरीदीं। समारोह को राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के उपाध्यक्ष पद्मश्री प्रोफेसर डॉ. भरत गुप्त ने भी संबोधित किया। उन्होंने युवाओं और विद्वानों का आह्वान किया कि अतीत का यशोगान पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपनी जड़ों की ओर लौटते हुए वेद, शास्त्र, पुराण और संपूर्ण भारतीय संस्कृति के साहित्य का गहन अध्ययन और चिंतन करना अत्यंत आवश्यक है। डॉ. गुप्त ने जोर देकर कहा कि इस प्रकार की समस्याओं का समाधान पश्चिमी समाजशास्त्र या राजनीतिक दर्शन में नहीं, बल्कि उस सनातन वांग्मय (सम्पूर्ण साहित्य) में निहित है जिसने हजारों वर्षों से भारतीय संस्कृति को जीवित रखा है। कार्यक्रम में अखिल भारतीय साहित्य परिषद के संरक्षक श्रीधर पराडकर, एलएनआईपीई की कुलपति डॉ. कल्पना शर्मा एवं यंग थिंकर्स फोरम के निदेशक आशुतोष सिंह ठाकुर मंचासीन थे। उदघाटन सत्र में सिने अभिनेता पियूष मिश्रा सहित अन्य विद्वान और देश के विभिन्न राज्यों से आए युवा चिंतक उपस्थित थे।
शनिवार को केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने किया संवाद
कॉन्फ्लुएंस के दूसरे दिन शनिवार 21 नवम्बर को केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने युवाओं से संवाद किया । साथ ही पद्मश्री भरत गुप्त, प्रख्यात अभिनेता पीयूष मिश्रा, प्रसिद्ध लेखक पंकज सक्सेना, प्रो. मृत्युंजय गुहा मजुमदार, संक्रांत सानू एवं नबारून बरुआ ने इस दिन विभिन्न सत्रों में युवाओं से संवाद किया । इन सत्रों में भारतीय विचार, संस्कृति, साहित्य, कला और समकालीन विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया ।
