टॉप न्यूज़

"लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत बड़ी कार्रवाई"; टाइम-लिमिट में सेवायें न देने वाले तहसीलदार व नायब तहसीलदारों पर 14 हजार रूपये का अर्थदण्ड लगाया, कलेक्टर ने जारी किया गया है आदेश

इधर समीक्षा बैठक में खुली पोल: सीएम हेल्पलाइन की अधिक समय से लंबित शिकायतें सामने आने पर तीन जिलास्तरीय अधिकारियों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किये हैं

ग्वालियर। समय सीमा में सेवाएं न प्रदान न करना जिले के 7 तहसीलदार व नायब तहसीलदारों को भारी पड़ा है। कलेक्टर  रुचिका चौहान ने इन अधिकारियों पर लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत 14 हजार रूपये का अर्थदण्ड लगाया है। कलेक्टर द्वारा मध्यप्रदेश लोक सेवाओं के प्रदान की गारंटी अधिनियम के तहत इस आशय का आदेश जारी किया गया है।

 लोक सेवा प्रबंधक सूरज यादव से मिली जानकारी के अनुसार समय सीमा में 8 आवेदनों का निराकरण न किये जाने पर नायब तहसीलदार पुरानी छावनी रुचि अग्रवाल पर 4 हजार रूपये का अर्थदण्ड लगाया गया है। इसी प्रकार तत्कालीन तहसीलदार लश्कर मनीष जैन पर 6 आवेदनों का निराकरण न करने के कारण 3 हजार रूपये, तहसीलदार घाटीगांव दिव्यदर्शन शर्मा पर 4 आवेदनों का निराकरण न करने के कारण 4 हजार रूपये, नायब तहसीलदार वृत सिरसौद राकेश वर्मा व तत्कालीन नायब तहसीलदार गिरवाई  दिनेश चौरसिया पर 3-3 आवेदनों का निराकरण न करने के कारण 1500-1500 रूपये एवं नायब तहसीलदार मोहना केके भोला व तत्कालीन नायब तहसीलदार बड़ागाँव राघवेन्द्र कुशवार पर 2-2 आवेदनों का निराकरण न किये जाने के कारण 1000-1000 रूपये का अर्थदण्ड लगाया गया है।

सीएम हेल्पलाइन की अधिक समय से लंबित शिकायतें सामने आने पर तीन जिलास्तरीय अधिकारियों को नोटिस

सीएम हेल्पलाइन की अधिक समय से शिकायतें लंबित पाये जाने पर कलेक्टर रुचिका चौहान द्वारा जिले के 3 जिला स्तरीय अधिकारियों को कारण बताओं नोटिस जारी किये हैं। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा बैठक में अधिक समय से लंबित शिकायतें सामने आने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से स्प्ष्टीकरण मांगने के साथ-साथ लंबित शिकायतों का अभियान बतौर निराकरण करने के निर्देश भी दिए हैं। जिन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किये गए है उनमें कार्यपालन यंत्री जल संसाधन, सहायक आयुक्त जनजाति कल्याण एवं जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन शामिल हैं।हैं।