ग्वालियर। शांत समय और मौन का नियमित अभ्यास तनाव को कम करने, स्वयं से जुड़ने और कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक होता है। यह बात जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं आनंद विभाग के नोडल अधिकारी सोजान सिंह रावत ने भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान में आयोजित तीन दिवसीय संभाग स्तरीय आनंदम सहयोगी प्रशिक्षण कार्यशाला के समापन अवसर पर कही।
राज्य आनंद संस्थान (आनंद विभाग) द्वारा आयोजित इस आवासीय कार्यशाला में अशोकनगर, गुना और शिवपुरी जिले के शासकीय कर्मचारियों ने सहभागिता की। इसमें पंचायत, पुलिस, नगरीय निकाय और शिक्षा विभाग के प्रतिभागी शामिल हुए। कार्यशाला का उद्देश्य शासकीय सेवकों को तनाव प्रबंधन, आत्मचिंतन और आनंदमय जीवन जीने के व्यावहारिक तरीकों से परिचित कराना था।
व्यावहारिक गतिविधियों से सिखाए तनाव प्रबंधन के तरीके
कार्यशाला के दौरान मास्टर ट्रेनर्स ने ‘आनंद की ओर’, ‘जीवन का लेखा-जोखा’, ‘जीवन की नदी’, ‘रिश्ते एवं चिंता’, ‘प्रभाव का दायरा’ और ‘आत्म पोषण’ जैसे विषयों पर सत्र आयोजित किए। साथ ही विभिन्न टूल्स के माध्यम से ‘अल्पविराम’ की अवधारणा समझाई गई। प्रतिभागियों को अनुभव आधारित गतिविधियों के जरिए तनाव से मुक्त रहने, स्वयं को समझने, आत्मचिंतन करने तथा कार्यों में दक्षता बढ़ाने के तरीके बताए गए। उन्हें शांतिपूर्ण, आनंदमय और संतुलित जीवन जीने के लिए सकारात्मक सोच एवं व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यशाला के अंतिम दिन रावत ने मौन और शांत समय के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण में सीखी गई बातों को अपने दैनिक जीवन और कार्य-स्थल पर अपनाने के लिए प्रेरित किया। समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
कार्यशाला के विभिन्न सत्रों का संचालन राज्य स्तरीय रिसोर्स पर्सन आनंद मुकेश करवा, हेमंत त्रिवेदी, स्वप्निल त्रिपाठी, भारती शाक्य और साकेत पुरोहित ने किया। इस अवसर पर अवधेश शर्मा, चंद्रशेखर बरुआ, अमित सिंह एवं पवन दीक्षित मौजूद रहे। आभार आनंद विभाग के जिला संपर्क व्यक्ति हेमंत त्रिवेदी ने व्यक्त किया।
