अपना शहर

"पल्स पोलियो अभियान": ग्वालियर जिले के 2,355 केन्द्रों पर पिलाई गई 'जिंदगी की बूँद', ऊर्जा मंत्री तोमर एवं कलेक्टर चौहान ने केन्द्र पर पहुँचकर बच्चों को पिलाई दवा

ग्वालियर जिले में 3 लाख 30 हजार से अधिक बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, 23 व 24 नवम्बर को घर-घर जाकर दी जायेगी पोलियो की खुराक

ग्वालियर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दौरान 22 नवम्बर को ग्वालियर जिले के 2 हजार 355 केन्द्रों पर जन्म से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सिविल अस्पताल बिरलानगर पहुँचकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। इसके साथ ही कलेक्टर  रुचिका चौहान ने ठाठीपुर स्वास्थ्य केन्द्र पर पहुँचकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान के तहत शत-प्रतिशत चिन्हित बच्चों को दवा पिलाने के संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। 

 ग्वालियर जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत निर्धारित किए गए 2 हजार 355 बूथों पर विभिन्न जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों सहित सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उपस्थित होकर न केवल जन्म से पाँच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई बल्कि सभी को पल्स पोलियो अभियान में सहयोग कर लक्षित सभी बच्चों को दवा पिलाने के लिये अभिभावकों को प्रेरित करने का आग्रह भी किया। 

 मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एमएस सागर ने बताया कि ग्वालियर जिले में 3 लाख 30 हजार से अधिक बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। रविवार 22 नवम्बर को निर्धारित सभी केन्द्रों पर दवा पिलाई गई है। इसके साथ ही जो बच्चे दवा पीने से वंचित रह गए हैं, उन्हें 23 एवं 24 नवम्बर को घर-घर जाकर स्वास्थ्य कार्यकर्ता पोलियो की दवा पिलाने का कार्य करेंगे।