अपना शहर

गांधी प्राणी उद्यान में आपसी संघर्ष में घायल 'मादा हिमालयन भालू' की मौत; इस मादा भालू को वर्ष 2019 में त्रिपुरा के सेपाहिजाला प्राणी उद्यान से ग्वालियर लाया गया था

बीती रात्रि आपसी संघर्ष में घायल मादा भालू आज सुबह मृत पाई गई, घटना के बाद नियमानुसार मृत भालू का पशु चिकित्सकों की टीम ने पीएम किया, शाम को चिड़िया-घर परिसर में ही मादा भालू का अंतिम संस्कार किया

ग्वालियर। गांधी प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) में वर्ष 2019 में त्रिपुरा से लाये गए नर एवं मादा हिमालयन भालू के बीच आपसी संघर्ष होने के कारण आज रविवार की सुबह मादा भालू की मौत हो गई।घटना के बाद नियमानुसार मृत भालू का पशु चिकित्सकों की टीम ने पीएम किया गया । उसके बाद चिड़ियाघर स्टाफ और केयर टेकर्स द्वारा मृत 'मादा हिमालयन भालू' का नम आँखों से अंतिम संस्कार किया गया।

⁠⁠⁠⁠⁠⁠⁠
इस संबंध में जानकारी देते हुए नगर निगम ग्वालियर के उपायुक्त एवं गांधी प्राणी उद्यान प्रभारी डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव ने बताया कि नर एवं मादा हिमालयन भालू को वर्ष 2019 में त्रिपुरा स्थित सेपाहिजाला प्राणी उद्यान से ग्वालियर लाया गया था। दोनों भालू एक ही एनक्लोजर में रखे गए थे।

⁠⁠⁠⁠⁠⁠⁠⁠⁠⁠⁠⁠⁠⁠
उन्होंने बताया कि बीती 21 नवंबर 2026 की मध्य रात्रि को दोनों भालुओं के बीच आपसी संघर्ष हो गया, जिसमें नर भालू ने मादा भालू को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मादा भालू के जबड़े, पंजे, पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गहरी चोटें आईं। अत्यधिक चोट एवं रक्तस्राव के कारण 22 नवंबर की सुबह मादा भालू एनक्लोजर में मृत पाई गई।
घटना के बाद मृत मादा भालू का नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम ग्वालियर पशु चिकित्सा सेवाओं के पशु चिकित्सक डॉ. संजय जाधव एवं डॉ. नीलम सुमन द्वारा किया गया। इस दौरान वन विभाग के अधिकारी मुकेश पटेल DFO,  अनुराग तिवारी (SDO), उपायुक्त प्रदीप श्रीवास्तव, उपेन्द्र सिंह यादव, चिड़ियाघर के जू-कीपर शिवकुमार पाल एवं एनिमल कीपर अरुण सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।