लाइफस्टाइल

"युवाओ के वैचारिक मंथन का केंद्र बनेगा ग्वालियर"; सीएम यादव आज करेंगे यंग थिंकर्स कन्फ्लुअंस का उद्घाटन, तीन दिनी मुख्य आयोजन में विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विषयों पर विचार-विमर्श, परि-संवाद और संवाद होंगे

पद्मश्री डॉ. भरत गुप्त सहित 16 वक्ताओं का होगा संवाद, देश के 26 राज्यों से जुटेंगे 300 चयनित युवा, अचीवर्स, कलाकार और लेखक

ग्वालियर। ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नगरी ग्वालियर में  यंग थिंकर्स फोरम द्वारा युवाओं के बीच बौद्धिक एवं वैचारिक महाकुंभ थिंकर्स कन्फ्लुअंस 2026 के आठवें संस्करण का शुभारंभ 20 नवंबर शुक्रवार से होने जा रहा है। कन्फ्लुअंस की थीम री-अवेकनिंग भारत-वर्ष’ है। यह आयोजन शहर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान एलएनयुपीई के कैंपस में होगा। इस आयोजन में देश के 26 राज्यों से चयनित 300 विद्वान युवा, अचीवर्स, कलाकार और लेखक शामिल होंगे। तीन दिवसीय मुख्य आयोजन में विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विषयों पर विचार-विमर्श, परिसंवाद और संवाद होंगे। कन्फ्लुअंस का उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव करेंगे। दूसरे दिन केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सम्मलित होकर युवाओं से संवाद करेंगे। समापन सत्र में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार  सहभागी होंगे।

यंग थिंकर्स फोरम के निदेशक आशुतोष सिंह ठाकुर ने बताया कि यह आयोजन बौद्धिक एवं वैचारिक संवाद के माध्यम से युवाओं के बीच भारतीय ज्ञान परंपरा और संवाद संस्कृति को पुनः स्थापित करने का महत्वपूर्ण मंच है। इसका उद्देश्य युवाओं को समसामयिक विषयों पर चिंतन, मनन और सार्थक संवाद के लिए अवसर प्रदान करना तथा उन्हें समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है।

पद्मश्री डॉ. भरत गुप्त सहित देशभर के 16 प्रतिष्ठित वक्ता करेंगे युवाओं से संवाद

कन्फ्लुअंस में पद्मश्री से सम्मानित, भारतीय शास्त्रीय संगीतविद् एवं नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के उपाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. भरत गुप्त युवाओं से संवाद करेंगे। डॉ. गुप्त को नाट्य-शास्त्र के अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ के रूप में जाना जाता है। उनके साथ प्रख्यात लेखक, गीतकार एवं अभिनेता पद्मश्री पीयूष मिश्रा, चिन्मय इंटरनेशनल फाउंडेशन की अकादमिक निदेशक प्रोफेसर गौरी माहुलीकर, प्रख्यात लेखक पंकज सक्सेना, प्रोफेसर राम शर्मा, श्रीकृष्ण श्रीवास्तव, लेखक डॉ. मृत्युंजय गुहा मजूमदार और अर्जुन सिंह ठाकुर सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों के 16 प्रतिष्ठित वक्ता युवाओं से संवाद करेंगे।

जियोपॉलिटिक्स, नैरेटिव वॉर, अध्यात्म और विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे। इन सत्रों में युवाओं को समकालीन वैश्विक परिस्थितियों, वैचारिक विमर्श और भारतीय दृष्टिकोण को समझने का अवसर मिलेगा।

11 सत्रों में भारतीय ज्ञान परंपरा, रिजीम चेंज और भारतीय इतिहास पर होगा मंथन

इस वर्ष के कन्फ्लुअंस में भारतीय ज्ञान परंपरा, रिजीम चेंज, भारतीय इतिहास सहित अनेक महत्वपूर्ण एवं समसामयिक विषयों पर परिसंवाद, व्याख्यान और प्रश्नोत्तरी सत्र आयोजित किए जाएंगे। उद्घाटन सत्र सहित पूरे आयोजन में कुल 11 सत्र होंगे। इन सत्रों के माध्यम से युवा प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों के विचार जानने, प्रश्न पूछने और अपने दृष्टिकोण को व्यापक बनाने का अवसर मिलेगा।

युवा कलाकारों को मिलेगा प्रतिभा प्रदर्शन का मंच

तीन दिवसीय आयोजन के दौरान युवा कलाकारों को प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से टैलेंट हंट का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें विभिन्न राज्यों से आए युवा कलाकार अपनी कला एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं की झलक प्रस्तुत करेंगे।

पुस्तक विमोचन, लेखक से संवाद और भारतीय विरासत की विशेष प्रदर्शनी

कन्फ्लुअंस में साहित्य एवं इतिहास के क्षेत्र में भी विशेष आयोजन होंगे। प्रख्यात शिक्षाविद्, लेखिका एवं इतिहासकार अमी गणात्रा अपनी पुस्तक ‘साम, दाम, दंड, भेद’ पर युवाओं से संवाद करेंगी। संक्रांत सानू और नबारुन बरुआह भी आयोजन में उपस्थित रहेंगे। विशेष रूप से इतिहासविद् श्रीकृष्ण श्रीवास्तव की अल्लामा इकबाल पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया जाएगा।

साहित्य में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए कन्फ्लुअंस परिसर में पुस्तक प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों की पुस्तकों से परिचित होने के साथ ही लेखकों से सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा। इसके अतिरिक्त भारत की बौद्धिक एवं सांस्कृतिक विरासत और संपदा पर आधारित विशेष प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।

कार्यशालाओं में युवाओं को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण

युवाओं की बौद्धिक एवं रचनात्मक क्षमताओं को विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न विषयों पर विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें ‘टेम्पल आइकॉनोग्राफी’, ‘नैरेटिव्स, एल्गोरिदम्स एंड यू’, ‘मास्टर कंटेंट क्रिएशन्स इन एआई एज’ तथा ‘रीडिंग फॉर आर्ग्युमेंट : अ रिव्यू ऐसे’ जैसे समसामयिक एवं ज्ञानवर्धक विषय शामिल हैं। इन कार्यशालाओं में रामकृष्ण कोंगाला, अनंत सेठ और प्रेम अंश सिन्हा युवाओं को प्रशिक्षण देंगे। इन सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को भारतीय मंदिर स्थापत्य एवं मूर्तिकला, डिजिटल माध्यमों में नैरेटिव निर्माण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के युग में कंटेंट निर्माण और तर्कपूर्ण पठन-लेखन जैसे विषयों की व्यावहारिक जानकारी मिलेगी।

हैरिटेज वॉक में होगा ऐतिहासिक धरोहरों का संधान

कन्फ्लुअंस के चौथे दिन, 23 नवंबर को मध्यप्रदेश के गोल्डन ट्रायंगल के रूप में प्रसिद्ध ग्वालियर क्षेत्र के ऐतिहासिक स्थलों बटेश्वर, मितावली और पड़ावली में हैरिटेज वॉक आयोजित की जाएगी। इस दौरान विशेषज्ञ प्रतिभागियों को इन ऐतिहासिक स्थलों के गौरवशाली इतिहास, स्थापत्य कला और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराएंगे। यह गतिविधि युवाओं को भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर प्रदान करेगी।

2018 में भोपाल से हुई थी यंग थिंकर्स फोरम की स्थापना

यंग थिंकर्स फोरम की स्थापना वर्ष 2018 में भोपाल में हुई थी। फोरम का प्रमुख उद्देश्य युवाओं के बीच वैचारिक संवाद को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है। इस उद्देश्य से मंच द्वारा समय-समय पर वायटीएफ वार्ता, पुस्तक चर्चा, हैरिटेज वॉक सहित विभिन्न बौद्धिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।

उद्घाटन सत्र सभी के लिए खुला

यंग थिंकर्स कन्फ्लुअंस का उद्घाटन सत्र सभी के लिए खुला रहेगा। इसके पश्चात आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रमों में केवल चयनित प्रतिभागी ही शामिल होंगे। यह आयोजन युवाओं को देश-दुनिया के महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा करने, प्रतिष्ठित विशेषज्ञों से सीखने और भारतीय ज्ञान, इतिहास एवं संस्कृति के विभिन्न आयामों को समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।