ग्वालियर। संगीतधानी ग्वालियर के आंगन में देश और दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित संगीत महोत्सव “तानसेन समारोह” के तहत लय, सुर व ताल की सभाएँ सजने की बेला आ गई है। तानसेन समारोह का 102वाँ आयोजन पूरी गरिमा व भव्यता के साथ आयोजित करने के उद्देश्य से शनिवार को संभाग आयुक्त मनोज खत्री की अध्यक्षता में स्थानीय समिति की बैठक हुई। इस सुरोत्सव को भव्य, गरिमामय और यादगार बनाने के लिये बैठक में गहन विचार मंथन हुआ। साथ ही सदस्यों ने रचनात्मक सुझाव भी दिए। ब्रम्हनाद का शीर्षस्थ महोत्सव “तानसेन समारोह” संगीत की नगरी ग्वालियर में इस साल 14 से 19 दिसम्बर तक आयोजित होगा। यह सालाना समारोह भारतीय संगीत की अनादि परंपरा के श्रेष्ठ कला मनीषी संगीत सम्राट तानसेन को श्रद्धांजलि व स्वरांजलि देने के लिये पिछले 101 साल से आयोजित हो रहा है। इस साल समारोह का 102वाँ वर्ष है।
संभाग आयुक्त खत्री ने समिति के सदस्यों को भरोसा दिलाया कि बैठक में आए अच्छे सुझावों पर ध्यान रखकर तानसेन समारोह के कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह में अधिकाधिक संगीत रसिक पहुँचें। इसके लिये समारोह का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए। संभाग आयुक्त कार्यालय में आयोजित हुई तानसेन समारोह की स्थानीय समिति की बैठक में कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी के निदेशक प्रकाश सिंह ठाकुर, राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय की कुलगुरू स्मिता सहस्त्रबुद्धे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह, निगमायुक्त अभिषेक चौधरी, समिति के सदस्य एवं शहर के संगीत व कला मर्मज्ञों व संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
समिति सदस्यों द्वारा दिए सुझावों को गंभीरता से लें
संभाग आयुक्त मनोज खत्री ने बैठक में मौजूद कला अकादमी के निदेशक सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से लें और यथासंभव इन सुझावों पर अमल करें। उन्होंने निर्देश दिए कि स्थानीय कलाकारों के चयन के लिए गठित की जाने वाली ज्यूरी निष्पक्ष हो और इसमें दूसरे जिलों के संगीत व कला विशेषज्ञों को शामिल किया जाए। संभाग आयुक्त ने सभी आयोजन स्थलों पर जिला प्रशासन, पुलिस व नगर निगम से संबंधित सभी व्यवस्थायें पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही कहा कि सुर सम्राट तानसेन की जन्मस्थली बेहट में भी समारोह की सभा से संबंधित सभी व्यवस्थायें गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें
“गमक” में गूँजेगी सुप्रसिद्ध सिने पार्श्व गायिका साधना सरगम की मखमली आवाज
तानसेन संगीत समारोह की मुख्य सभाओं से एक दिन पहले यानि 14 दिसम्बर की सांध्य-बेला में मंगला-चरण स्वरूप हजीरा स्थित इंटक मैदान में उप-शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम “गमक” का आयोजन होगा। गमक सभा में देश की सुविख्यात पार्श्व गायिका सुश्री साधना सरगम की प्रस्तुति होगी। उनके द्वारा गाये “पहला नशा पहला खुमार”, “सात समुंदर पार”, “चंदा रे चंदा”, “सलाम ए इश्क”, “अंगना में बाबा” और “दर्द करारा” जैसे फिल्मी गीत संगीत एवं सिने प्रेमियों में खासे लोकप्रिय हुए थे। इनके अलावा उन्होंने अन्य कई फिल्मी गीतों सहित लोकप्रिय भजनों का भी गायन किया है। साधना सरगम जी ने हिंदी के अलावा मराठी, बंगाली, कन्नड़, नेपाली, तमिल व तेलगु सहित कई भाषाओं के गीत गाये हैं। साधना सरगम महाराष्ट्र के विख्यात दाभोल सांगीतिक घराने से ताल्लुक रखती हैं। उन्होंने मात्र 4 वर्ष की आयु में गाना शुरू कर दिया था। जब वे 6वर्ष की थीं, तभी उन्होंने दूरदर्शन के लिये “सूरज एक, चंदा एक, तारे अनेक” गीत गाया था।
निजी संस्थानों में भी सजेंगीं पूर्वरंग संगीत सभायें
इस साल के तानसेन संगीत समारोह के मुख्य आयोजन से पहले पूर्वरंग की श्रृंखला में 10 संगीत सभायें सजेंगीं। कलेक्टर रुचिका चौहान सहित समिति के अन्य सदस्यगणों ने तानसेन समारोह में अधिकाधिक रसिकों की भागीदारी के उद्देश्य से निजी शिक्षण संस्थानों में भी सभायें आयोजित करने का सुझाव दिया। संभाग आयुक्त मनोज खत्री ने सदस्यों द्वारा दिए सुझाव को ध्यान में रखकर संगीत की नगरी ग्वालियर में इन सभाओं के आयोजन के लिये स्थल चयनित करने के निर्देश उस्ताद अलाउद्दीन खाँ अकादमी के निदेशक को दिए।
15 दिसम्बर को प्रात:काल पारंपरिक ढंग से एवं सायंकाल होगा औपचारिक शुभारंभ
102वें तानसेन समारोह का औपचारिक आगाज 15 दिसम्बर को होगा। इस दिन सुबह 10 बजे हजीरा स्थित सुर सम्राट तानसेन की समाधि पर शहनाई वादन, ढोलीबुआ महाराज की हरिकथा एवं मीलाद वाचन से समारोह का पारंपरिक शुभारंभ होगा। शाम समारोह की मुख्य सभाओं के लिए बनाए गए भव्य मंच पर औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही इस अवसर पर “राष्ट्रीय तानसेन सम्मान” एवं “राष्ट्रीय राजा मानसिंह सम्मान” समारोह भी प्रस्तावित है। हर साल की तरह वादी-संवादी कार्यक्रम भी होंगे। चित्रकला पर केन्द्रित कार्यक्रम व प्रदर्शनी लगाने के लिये भी आयोजन से जुड़े अधिकारियों से कहा गया है।
मुख्य समारोह में 10 संगीत सभाएँ होंगीं, बेहट और गूजरी महल में भी लय, सुर-ताल की सभाएँ सजेगी
तानसेन संगीत समारोह में इस साल 10 संगीत सभाएं होंगी। पहली सभा 15 दिसंबर को सायंकाल तानसेन समाधि परिसर में बनाए गए भव्य मंच पर सजेगी। इसके बाद हर दिन यहीं पर प्रात: एवं सायंकालीन सभाएं होंगी। समारोह के आखिरी दिन यानि 19 दिसंबर को प्रातःकालीन सभा संगीत शिरोमणि तानसेन की जन्मस्थली बेहट में और इस साल के समारोह की अंतिम संगीत सभा सायंकाल गूजरी महल परिसर में सजेगी।
