अपना शहर

"विश्व धरोहर सप्ताह का समापन"; आखिरी दिन मोहम्मद गौस के मकबरे से गुजरी महल तक निकाली गई हेरिटेज वॉक, सप्ताह में हुई प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मिले पुरस्कार

जिला पंचायत की अध्यक्ष दुर्गेश जाटव के मुख्य आतिथ्य में हुआ सप्ताह का समापन, विद्यार्थियों एवं नागरिकों को विरासत संरक्षण के प्रति किया जागरूक

ग्वालियर। विश्व धरोहर सप्ताह (19 से 25 नवम्बर) के उपलक्ष्य में ग्वालियर में ऐतिहासिक स्मारकों एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न् प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला पंचायत अध्यक्ष  दुर्गेश जाटव के मुख्य आतिथ्य में विश्व धरोहर सप्ताह का समापन कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार व प्रमाण पत्र वितरित किए।

 विश्व धरोहर सप्ताह के आखिरी दिन उपनगर ग्वालियर के अंतर्गत मोहम्मद गौस मकबरे से केंद्रीय पुरातत्व संग्रहालय, गुजरी महल तक हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया। हेरिटेज वॉक का शुभारंभ पुरातत्व विभाग के उपसंचालक सीटी महोबिया एवं माधव महाविद्यालय के विभागाध्यक्ष डॉ मनोज अवस्थी ने हरी झण्डी दिखाकर किया। हेरिटेज वॉक के माध्यम से विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं नागरिकों को ग्वालियर की ऐतिहासिक धरोहरों के महत्व से अवगत कराया गया। 

 समापन समारोह की मुख्य अतिथि जिला पंचायत की अध्यक्ष  दुर्गेश जाटव ने चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। गुजरी महल संग्रहालय में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में वर्षा वर्मा ने प्रथम, शिव को द्वितीय तथा रविन्द्र सिंह को तृतीय स्थान का पुरस्कार मिला। जूनियर वर्ग में खुशी प्रजापति प्रथम, आयुषी सेन द्वितीय एवं सुजाता परिहार तृतीय स्थान का पुरस्कार प्रदान किया। इसी तरह मोती महल में आयोजित हुई प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में स्वास्तिक पाण्डे को प्रथम, पार्थ आठले को द्वितीय एवं मेनका शाक्य को तृतीय स्थान का पुरस्कार व प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। 

 अंत में सपन साहू ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मुकेश गाजरे, विकास रायजादकर एवं मुकेश कुमार हल्दना सहित अन्य कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। समापन अवसर पर आयोजकों ने अतिथियों, शिक्षकों, प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।  

 संचालनालय पुरातत्व अभिलेखागार एवं संग्रहालय व मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के  दिशा निर्देशों के तहत जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की पहल पर ग्वालियर जिले में विश्व धरोहर सप्ताह के तहत विभिन्न प्रकार की गतिविधियाँ आयोजित की गईं।