ग्वालियर। संभागायुक्त, चंबल संभाग मनोज खत्री ने जनगणना 2027 के प्रथम चरण के प्रशिक्षण में बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर शासकीय सांदीपनि उमावि, अमायन, मेहगांव के उच्च माध्यमिक शिक्षक अरुण शर्मा को मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियम के तहत एक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने की लघुशास्ति अधिरोपित करने का आदेश जारी किया गया है।
तहसीलदार एवं चार्ज जनगणना अधिकारी, तहसील अमायन ने 22 अप्रैल 2026 को सूचित किया था कि शर्मा 21, 22 और 23 अप्रैल को आयोजित तीनों चरणों के प्रशिक्षण में बिना सूचना अनुपस्थित रहे। कलेक्टर भिण्ड की ओर से अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव प्राप्त होने पर 8 जून को उन्हें कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया।
शिक्षक शर्मा ने 8 जुलाई को जवाब देते हुए बताया कि वे स्वास्थ्य समस्या के कारण प्रशिक्षण में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने बताया कि उस अवधि में पत्नी अस्वस्थ थीं, जिसके उपचार और देखभाल में व्यस्त रहने से नोटिस का जवाब भी समय पर नहीं दे पाए। उन्होंने क्षमा याचना करते हुए कार्रवाई समाप्त करने का अनुरोध किया।
जवाब की जांच कलेक्टर भिण्ड को भेजी गई। कलेक्टर कार्यालय ने 7 अक्टूबर को जवाब समाधानकारक नहीं पाते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई जारी रखने का अभिमत दिया। इसके बाद शर्मा को 28 अक्टूबर को सुनवाई के लिए बुलाया गया, जहां उन्होंने पहले दिए गए तथ्यों को ही दोहराया।
संभागायुक्त खत्री ने कलेक्टर के प्रतिवेदन और जवाब के अवलोकन के बाद पाया कि कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही हुई और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना की गई। जवाब समाधान-कारक न होने से नियम 10 के तहत एक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने की लघुशास्ति अधिरोपित की गई है।
