ग्वालियर। विश्व धरोहर सप्ताह के तहत जिले में पुरातत्व धरोहरों पर केन्द्रित कार्यक्रम एवं गतिविधियां जारी हैं। सोमवार को इसी क्रम में मोतीमहल में विद्यार्थियों के लिए विशेष धरोहर प्रश्नोत्तरी (क्विज़) प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। यह प्रतियोगिता ट्रांसपोर्ट कोर्ट के जज शिवकांत के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुई। प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम में विद्यार्थियों से ग्वालियर एवं मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक स्मारकों, पुरातात्विक स्थलों, भारतीय इतिहास, कला, संस्कृति एवं स्थापत्य कला से संबंधित प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी जानकारी एवं ज्ञान का प्रदर्शन किया।
संचालनालय पुरातत्व अभिलेखागार एवं संग्रहालय के दिशा- निर्देशों के तहत यह प्रतियोगिता आयोजित की गई। न्यायाधीश शिवकांत ने इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरें हमारे गौरवशाली अतीत की जीवंत साक्षी हैं। इन धरोहरों में हमारी संस्कृति, परंपराओं, कला एवं स्थापत्य की अमूल्य विरासत समाहित है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अपने इतिहास और विरासत से जुड़कर इनके संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति सजग और जिम्मेदार बनना चाहिए। साथ ही आह्वान किया कि अपनी विरासत के प्रति संवेदनशील बनें और ऐतिहासिक स्थलों को स्वच्छ व सुरक्षित रखने में सक्रिय भूमिका निभायें।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड भोपाल के दिशा- निर्देशों के परिपालन में जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा पुरातत्व अभिलेखागार एवं संग्रहालय के सहयोग से जिले के प्रमुख ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों पर विभिन्न जन-जागरूकता एवं पर्यटन संवर्धन गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। यह गतिविधियां जिले की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं स्थापत्य विरासत के संरक्षण, संवर्धन तथा पर्यटन स्थलों के प्रति आमजन, विद्यार्थियों एवं पर्यटकों में जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से हो रही हैं। विश्व धरोहर सप्ताह के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को अपनी ऐतिहासिक धरोहरों के महत्व से परिचित कराने के साथ उनके संरक्षण में जनभागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। विश्व धरोहर सप्ताह के तहत 25 नवम्बर तक गतिविधियां जारी रहेंगीं।रहेंगीं।
