टॉप न्यूज़

"गेटमैन की सतर्कता से बड़ी दुर्घटना टली"; 'स्वर्ण जयंती एक्स' के जनरल कोच के पहियों में भड़की चिंगारी ; गेटमैन ने तत्काल आंतरी स्टेशन पर सूचना दी, ट्रेन को अनंत पैठ पर तत्काल रोका और फायर इक्विपमेंट की मदद से आग पर काबू पाया

ट्रेन में आग की सूचना पर जनरल कोच के यात्रियों में अफरा- तफरी मच गई, ट्रेन को तत्काल अन्नत पैठ स्टेशन पर रोका, इस दौरान ट्रेन आधे घंटे तक अनंत पैठ स्टेशन पर ही खड़ी रही, बाद में ट्रेन आगे के लिए रवाना किया गया

ग्वालियर। नईदिल्ली से चलकर भोपाल की तरफ जाने वाली 'विशाखापट्टनम स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस' के जनरल कोच के पहियों में अचानक आग लग गई। जब रेलवे फाटक पर गेटमैन ने चिंगारी उठते देखी तो तत्काल आंतरी स्टेशन पर सूचना दी गई। इसके बाद ट्रेन को अनंत पैठ पर रोका गया और तत्काल फायर इक्विपमेंट की मदद से आग पर नियंत्रण कर लिया गया। ट्रेन इस दौरान आधे घंटे तक अनंत पैठ स्टेशन पर खड़ी रही बाद में उसे आगे के लिए रवाना किया गया।

रेलवे पुलिस के अनुसार ट्रेन क्रमांक 12804 विशाखापट्टनम स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस  बुधवार की सुबह आज मथुरा से भोपाल के लिए रवाना हुई। इसी दौरान ट्रेन ग्वालियर स्टेशन होते हुए जब आंतरी पहुंची तो इस दौरान गेट क्रमांक 400 से जब ट्रेन गुजरी तो गेटमैन ने ट्रेन के पीछे की तरफ लगे तीसरे नंबर के जनरल कोच में पहियों से आग की चिंगारी उठते हुए देखा गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल गेटमैन ने आंतरी स्टेशन मास्टर को सूचना दी गई। ट्रेन में आग की सूचना पर खलबली मची और तत्काल ट्रेन को अन्नत पैठ स्टेशन पर रोका गया।

ट्रेन में सवार यात्री धुआं उठने के कारण तत्काल ट्रेन से उतरकर स्टेशन पर नीचे आ गए और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ लग गई। तत्काल रेलवे प्रशासन द्वारा स्टेशन और ट्रेन में मौजूद फायर इक्विपमेंट की मदद से आग पर नियंत्रण किया। आग ब्रेक में घर्षण के वजह से लगना बताई गई है, जिसे बाद में सही किया गया। इस दौरान ट्रेन 10:29 से लेकर 11:04 तक अनंत पैठ स्टेशन पर ही खड़ी रही। जिसे बाद में आगे के लिए रवाना कर दिया गया। ट्रेन में आग की सूचना से एक ओर रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया था तो दूसरी ओर सवारियां भी दहशत में फैल गई, यात्रियों का यही कहना था कि यह तो किस्मत अच्छी थी कि समय रहते गेटमैन ने आग की चिंगारी उठते हुए देख लिया गया, वरना बड़ी घटना हो सकती थी।