मेला का मुख्य आकर्षण झूला सेक्टर का भी इस बार विस्तार होकर क्षेत्र बढ़ेगा,कलेक्टर की मौजूदगी में हुई मेले की तैयारियों को लेकर अहम बैठक, 15 दिसम्बर से 15 फरवरी तक होगा ग्वालियर व्यापार मेले का भव्य आयोजन
ग्वालियर। ऐतिहासिक श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला इस बार पूरी भव्यता और नए आकर्षण के साथ लगेगा। ग्वालियर व्यापार मेला की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। इस सिलसिले में मेला प्राधिकरण पदाधिकारियों की अध्यक्षता एवं कलेक्टर रुचिका चौहान की मौजूदगी में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बुधवार को अहम बैठक हुई। जिसमें तय किया कि मेले में आने वाले सैलानियों की सुविधा व सुरक्षा को ध्यान में रखकर पुख्ता व्यवस्था की जायेंगीं। बैठक में बताया कि इस साल ग्वालियर व्यापार मेले का आयोजन 15 दिसम्बर से 15 फरवरी तक होगा। सैलानियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर इस बार मेले के झूला सेक्टर का एरिया बढ़ाने का अहम निर्णय बैठक में लिया है ।
झूला सेक्टर का क्षेत्र बढ़ाने के लिये इस सेक्टर के ऊपर से होकर गुजर रही विद्युत लाइन शिफ्ट करने के निर्देश विद्युत वितरण कंपनी अधिकारियों को दिए हैं । इसके लिये आवश्यक धनराशि मेला प्राधिकरण द्वारा विद्युत वितरण कंपनी को उपलब्ध कराई जायेगी। ईएण्डएम एवं झूला सेक्टर की सुरक्षा से जुड़े अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि तकनीकी आधार पर झूलों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता न हो, इसके लिये बारीकी से प्रति-दिन निरीक्षण किया जाए। मेला प्राधिकरण से कहा है कि सुरक्षा के साथ कोई समझौता न हो, इसलिये बड़े झूलों के आगे छोटे झूले न लगने दिए जाएं। अर्थात झूला सेक्टर का मार्ग पूरी तरह सुगम रहना चाहिए। सम्पूर्ण मेला परिसर का नक्शा तैयार करने का निर्णय भी बैठक में लिया है। मेप में प्रत्येक सेक्टर का स्पष्ट उल्लेख होगा। जिससे सैलानियों को पता चल सकेगा कि किस सेक्टर में किस प्रकार की दुकानें लगेंगीं। साथ ही मेला परिसर में जनसुविधायें अर्थात शौचालय आदि कहां पर स्थित हैं। बुधवार को मेला प्राधिकरण के सभागार में हुई बैठक में जिपं सीईओ सोजान सिंह रावत, अपर आयुक्त नगर निगम, मेला प्राधिकरण के सचिव सुनील त्रिपाठी एवं मेला की व्यवस्थाओं से जुड़े अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
हाथठेलों के लिए ऐसा सेक्टर बनाएं, जिससे उनका व्यवसाय ठीक ढंग से चल सके
बैठक में तय किया है कि मेले के सभी सेक्टर में सुगम आवागमन बना रहे। साथ ही हाथठेला व फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले छोटे-छोटे दुकानदारों का व्यवसाय भी ठीक ढंग से चल सके। इस उद्देश्य से मेला परिसर में ऐसे स्थान पर अलग से सेक्टर निर्धारित करें, जहाँ से अधिक से अधिक सैलानी गुजरें, जिससे हाथ ठेला व्यवसाइयों की अच्छी बिक्री हो।
चार सेक्टर में विभक्त कर लागू की जायेगी सफाई व्यवस्था
मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक जादौन ने कहा कि मेले को साफ-सुथरा रखने के लिये सम्पूर्ण मेले को चार सेक्टर में विभाजित कर सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जायेगी। साथ ही हाथठेला व फैरी लगाकर व्यवसाय करने वाले छोटे- छोटे दुकानदारों एवं सफाई मित्रों को मेला प्राधिकरण की ओर से नि:शुल्क बैग भी उपलब्ध कराए जायेंगे। मेले में प्लास्टिक की पन्नी बीनने वालों को विशेष प्रोत्साहन दिया जायेगा। ऐसे स्वयंसेवियों को प्राधिकरण भोजन आदि के कूपन प्रदान करेगा।
पर्याप्त पार्किंग बनेंगीं, वाहन मालिकों को इलेक्ट्रोनिक रसीद दिलाई जायेगी
बैठक में इस बात पर भी विशेष बल दिया कि मेले में बड़ी संख्या में आने वाले सैलानियों को ध्यान में रखकर पर्याप्त पार्किंग बनाई जाएं। सड़क पर वाहन खड़े करने की स्थिति कदापि निर्मित न हो। मेला प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने कहा कि वाहन पार्क करने वाले लोगों को इलेक्ट्रोनिक रसीद दिलाने के प्रयास भी प्राधिकरण द्वारा किए जा रहे हैं। मेला प्राधिकरण ने पार्किंग की निविदा में इस प्रकार की स्पष्ट शर्त जोड़ी जायेगी।
बैठक में यह भी तय किया है कि पार्किंग ठेकेदार को निर्धारित शुल्क के बैनर पार्किंग के प्रवेश द्वार पर अनिवार्यत: लगाने होंगे। जिससे ओवर पार्किंग शुल्क वसूलने की शिकायत न रहे।
सम्पूर्ण मेला परिसर में पुख्ता सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगेगें
असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सम्पूर्ण मेला परिसर में पर्याप्त संख्या में सीसीटीव्ही कैमरे लगाए जायेंगे। प्राधिकरण के अध्यक्ष ने कहा कि पार्किंग में भी सीसीटीव्ही कैमरे लगवाए जायेंगे। साथ ही पुलिस की पुख्ता व्यवस्था रहेगी। रात के समय गश्त पर विशेष जोर दिया जाएगा ।
देश के अन्य राज्यों के मंडप व रक्षा प्रदर्शनी लगवाने के प्रयास
हर साल की तरह इस बार भी मेले में प्रदर्शनी सेक्टर लगेगा। मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जादौन ने बताया कि देश के अन्य राज्यों व बड़े-बड़े संस्थानों के मंडप लगाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। साथ ही रक्षा प्रदर्शनी लगवाने के प्रयास भी किए हैं। इस सेक्टर में स्वदेशी हथियार प्रदर्शित होंगे। इसके अलावा मालनपुर व बानमोर सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों की प्रदर्शनी लगवाने के प्रयास भी गंभीरता से हो रहे हैं। इस सेक्टर में विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं पर केन्द्रित प्रदर्शनियां लगाई जायेंगीं। कलेक्टर रुचिका चौहान ने प्रदर्शनी सेक्टर में स्थानीय युवा एंटरप्रेन्योर के स्टार्ट-अप के लिये भी जगह उपलब्ध कराने के लिये कहा है। साथ ही महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र को यह स्टॉल लगाने के लिये एंटरप्रेन्योर से संपर्क करने के निर्देश दिए।
मेलेमेले के चारों कोनों पर बनेंगे अस्थायी अस्पताल
कलेक्टर रुचिका चौहान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के चारों कोनों पर प्राथमिक चिकित्सा के लिये अस्थायी अस्पताल स्थापित करें। मेला अध्यक्ष ने कहा कि इसमें आईएमए एवं निजी अस्पतालों का भी सहयोग लिया जायेगा।
अभा कवि सम्मेलन के साथसाथ मुशायरा औरऔर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे
मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक जादौन ने कहा कि ग्वालियर व्यापार मेले की ऐतिहासिकता व गौरव के अनुरूप सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जायें। उन्होंने कहा इस बार अखिल भारतीय कवि सम्मेलन व मुशायरा सहित लोक-नृत्य व संगीत पर आधारित कार्यक्रम हों। साथ ही किसी बड़े स्टार को भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के लिये बुलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस सिलसिले में राज्य शासन के संस्कृतिक विभाग से भी संपर्क किया गया है।
अंतर्राष्ट्रीय पहलवानों का दिखेगा दम-खम: इस बार अभा दंगल होगा आकर्षण
ग्वालियर व्यापार मेले में इस बार अखिअखिलल भारतीय कुश्ती प्रतियोगिता (दंगल) का आयोजन होगा। जिसमें अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पुरुष व महिला पहलवान अपने दमखम का प्रदर्शन करेंगे। पिछले साल तक जिला, संभाग व राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता होती रही है।
मेला की तैयारियों की अन्य खास बातें एवं निर्देश
• कलेक्टर रुचिका चौहान ने नगर निगम अधिकारियों को मेले में पर्याप्त फायर-ब्रिगेड लगाने और मॉकड्रिल करने के दिए निर्देश ।
• मेले की साफ-सफाई व्यवस्था की होगी वीडियोग्राफी ।
• मेले को डस्ट-फ्री करने के लिये नगर निगम की फॉगर मशीन करेगी छिड़काव।
• सप्ताह में किसी एक दिन 24 घंटे मेला खुला रखने पर भी विचार किया गया ।
• इतना ही नहीं मेला पर केन्द्रित मोबाइल एप बनाने के प्रयास भी होंगे, जिससे सम्पूर्ण मेले के बारे में लोगों को जानकारी मिल सकेगी।
