टॉप न्यूज़

सैनिक संगठन स्वरोजगार गतिविधियों के लिये आगे आएं: जिला प्रशासन से मिलेगी पूरी मदद, कलेक्टर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सैनिक बोर्ड की छह-माही बैठक हुई

सैनिकों की समस्याओं का समाधान तत्परता से होगा, इस बैठक में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी रिटायर्ड कर्नल तोमर, बोर्ड के उपाध्यक्ष कर्नल राठी सहित अन्य सदस्य मौजूद थे

ग्वालियर। पूर्व सैनिकों के संगठनों व समूहों के माध्यम से स्वरोजगार-मूलक गतिविधियां शुरू कराएं। साथ ही सोसायटी बनाकर सैनिकों के बच्चों के लिये स्कूल खोलने की पहल भी करें। स्वरोजगार गतिविधियों के लिये बैंकों से ऋण दिलाने इत्यादि में जिला प्रशासन का पूरा सहयोग मिलेगा। यह बात कलेक्टर रुचिका चौहान ने सैनिक बोर्ड की छमाही व तिमाही बैठक में कही। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि पूर्व सैनिकों एवं सैनिकों से संबंधित समस्याओं का निराकरण जिला प्रशासन तत्परता से कराया जायेगा। बुधवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि सैनिकों के पक्ष में न्यायालय द्वारा जमीन व मकान से संबंधित जो आदेश पारित किए गए हैं, उनका पालन कराने के लिये जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है।

उन्होंने ऐसे सभी निर्णयों की सूची जिला सैनिक कल्याण अधिकारी से मांगी है। उन्होंने पूर्व सैनिकों एवं सैनिकों की प्रशासन से संबंधित व्यक्तिगत समस्याओं का भी जल्द से जल्द निराकरण कराने की बात कही। कलेक्टर ने कहा कि जिले में स्थित शासकीय एवं अर्द्धशासकीय कार्यालयों में पूर्व सैनिकों को सुरक्षा गार्ड रखने में प्राथमिकता दी जायेगी। उन्होंने कहा राज्य शासन द्वारा निर्धारित वेतन के आधार पर उन्हें सुरक्षा गार्ड की नौकरी दिलाई जायेगी। बैठक में अपर जिला दण्डाधिकारी सीबी प्रसाद, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सेवानिवृत कर्नल  नरेन्द्र सिंह तोमर, सैनिक कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष रिटायर्ड कर्नल रमेश कुमार राठी एवं उप संचालक रोजगार सहित बोर्ड के अन्य सदस्यगण मौजूद थे।