ग्वालियर। जिला प्रशासन और आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर की सूचना पर आबकारी विभाग की टीमों ने ग्वालियर के विभिन्न इलाकों में ताबड़तोड़ दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध गुड़ लहान और देशी शराब बरामद की है। इस पूरी कार्रवाई में जब्त किए गए सामान का कुल अनुमानित मूल्य लगभग ₹5,50,000 आंका गया है।
आबकारी टीमों ने इन क्षेत्रों में की गई छापा-मारी
कलेक्टर रुचिका चौहान और आबकारी उपायुक्त ग्वालियर संभाग संदीप शर्मा के मार्गदर्शन तथा सहायक आबकारी आयुक्त राज नारायण सोनी के निर्देशन में यह कार्रवाई अंजाम दी गई। आबकारी दल ने चीनोर के करहिया क्षेत्र (दुबहा दुबही, चक कटना, लाल डांडा नाला, आदिवासी दफाई), ट्रांसपोर्ट नगर और हजीरा क्षेत्र के चंदन नगर, बिरला नगर व रमटा पुरा जैसे इलाकों में औचक निरीक्षण किया।
बड़ी मात्रा में गुड़-लहान नष्ट, अवैध शराब भी जब्त की
छापेमारी के दौरान विभागीय टीमों को एक साथ ही कई स्थानों पर अवैध सामग्री मिली है, जहां दुबहा दुबही कंजर डेरा में दबिश में प्लास्टिक की टांकियों में भरा लगभग 3,500 किलोग्राम गुड़ लहान बरामद किया गया है। जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
इसी प्रकार चक कटना में भी सीमेंट के बने हौद से लगभग 700 किलोग्राम गुड़-लहान जब्त कर नष्ट किया गया है।
इसी तरह लाल डांडा नाला क्षेत्र के दो अलग-अलग गड्ढों में छिपाकर रखा गया लगभग 1,200 किलोग्राम गुड़ लहान मिला है, जिसे भी मौके पर ही नष्ट किया गया है।
वही शहर में भी अवैध शराब जब्त: ट्रांसपोर्ट नगर की एक किराना दुकान से 12 पाव, न्यू चंदननगर में राजू सविता के मकान से 16 पाव, बिरलानगर लाइन नंबर 2 से 15 पाव और रमटापुरा सेवानगर में धर्मेंद्र यादव के आधिपत्य से 13 पाव देशी मदिरा प्लेन जब्त की गई है।
MP आबकारी एक्ट में 9 प्रकरण पंजीबद्ध किए हैं
मौके पर गुड़-लहान के नमूने (सेम्पल) लेकर बाकी सामग्री नष्ट कर दी गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 9 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।हैं।
