अपना शहर

"सड़क पर अतिक्रमण करने वालों पर नगर निगम की कार्रवाई"; सिटी सेंटर में 53 मकानों के रैंप हटाए, आवागमन में बाधक स्थायी अतिक्रमण हटाकर सड़क को बनाया सुगम

शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी, नगर निगम ग्वालियर द्वारा स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है

ग्वालियर। शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने और आमजन के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम ग्वालियर द्वारा स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में निगमायुक्त  अभिषेक चौधरी के निर्देशन में क्षेत्र क्रमांक 14 के अंतर्गत वार्ड 29 स्थित कुंदन नगर सिटी सेंटर क्षेत्र में सड़क पर बाधा उत्पन्न कर रहे स्थायी अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान लगभग 53 मकानों के सड़क की ओर बने रैंप हटाए गए।

नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क एवं आवागमन में बाधक बने रैंप को हटाया, जिससे सड़क पर उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। इस कार्रवाई का उद्देश्य सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखना, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना तथा नागरिकों को आवागमन में होने वाली असुविधा से राहत दिलाना है।

कार्रवाई क्षेत्राधिकारी अभय प्रताप सिंह तोमर के नेतृत्व में की गई। इस दौरान मदाखलत अधिकारी शैलेन्द्र सिंह चौहान एवं मदाखलत निरीक्षक सुघर सिंह सहित संबंधित अमला मौजूद रहा।

नगर निगम द्वारा शहर में सड़कों, फुटपाथों एवं सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमणों को हटाने का अभियान निरंतर जारी है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक मार्गों पर आवागमन बाधित करने वाले अतिक्रमणों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें।