टॉप न्यूज़

जिला न्यायालय परिसर में लगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर; 54 यूनिट रक्त संग्रहित , शिविर का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने रक्त संग्रहण बस में फीता काटकर किया

जेएएच एवं जिला अस्पताल मुरार के सहयोग से किया रक्तदान शिविर का आयोजन , विधिक सेवा प्राधिकरण अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ ही नागरिकों ने भी रक्तदान कर मानवीय पहल में सहभागिता की

ग्वालियर। जिला कोर्ट परिसर में सोमवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ललित किशोर के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में न्यायिक अधिकारियों, सहायक लोक अभियोजन अधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायालयीन कर्मचारियों, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा आमजन ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर में कुल 54 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

 शिविर का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री ललित किशोर ने रक्त संग्रहण बस में फीता काटकर किया। इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश (एट्रोसिटी) नवीन शर्मा सहित जिला स्थापना पर पदस्थ न्यायाधीश मौजूद रहे। शिविर का आयोजन शासकीय जयारोग्य चिकित्सालय ग्वालियर एवं जिला चिकित्सालय मुरार के सहयोग से किया गया।

 इस शिविर में रक्तदान करने वाले प्रमुख न्यायिक अधिकारियों में  रोहित सिंह, वंदना राज पाण्डे, प्रशान्त शुक्ला, गौतम भट्ट, पारस जैन, विशाल अखण्ड,  वीपीएस चौहान, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पुष्पेन्द्र सिंह, पल्लवी बंसल, चाहना शर्मा, अनिरुद्ध उचाडिया, राजेन्द्र गुप्ता, अजय प्रताप सिंह यादव, अदिति तिवारी एवं  स्वाति गोयल सहित अन्य न्यायाधीश शामिल हैं। 

 शिविर में सहायक लोक अभियोजन अधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायालयीन कर्मचारियों, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा आम नागरिकों ने भी रक्तदान कर इस मानवीय पहल में सहभागिता की। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए रक्त उपलब्ध कराने का संदेश भी दिया गया।

 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ग्वालियर ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।