क्राइम

रेत के अवैध परिवहन में लिप्त 12 ट्रेक्टर ट्रॉली व 01 लोडर जब्त : खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई प्रस्तावित की गई है, जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन व भण्डारण के खिलाफ मुहिम जारी है

कलेक्टर के निर्देश पर गई राजस्व, खनिज व पुलिस की संयुक्त टीमों ने बड़ागांव, विक्की फैक्ट्री तिराहा एवं गिरवाई क्षेत्र में छापामार कार्रवाई की गई, जब्त किए सभी वाहन पुलिस अभिरक्षा में खड़े कराए गए हैं

ग्वालियर जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन व भण्डारण के खिलाफ लगातार विशेष मुहिम जारी है। इस कड़ी में कलेक्टर  रुचिका चौहान के निर्देश पर गई राजस्व, खनिज व पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा बड़ागांव, विक्की फैक्ट्री तिराहा एवं गिरवाई क्षेत्र में छापामार कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के दौरान रेत के अवैध परिवहन में लिप्त 12 ट्रेक्टर ट्रॉली व 01 लोडर जब्त किया गया है। जब्त किए गए ये सभी वाहन पुलिस अभिरक्षा में खड़े कराए गए हैं। साथ ही रेत के अवैध परिवहन में लिप्त लोगों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। 

जिला खनिज अधिकारी पंकजध्वज मिश्रा से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह बड़ागांव क्षेत्र में छापामार कार्रवाई के दौरान रेत से भरी 7 ट्रेक्टर ट्रॉली व 01 लोडर जब्त किया गया है। रेत के अवैध परिवहन में लिप्त इन वाहनों को बिजौली थाने की अभिरक्षा में खड़ा करवाया गया है।

 इसी तरह सोमवार को विक्की फैक्ट्री तिराहे के समीप 2 एवं गिरवाई क्षेत्र से रेत से भरीं 3 ट्रेक्टर ट्रॉली जब्त की गई हैं। इन वाहनों को भी पुलिस अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है। इस कार्रवाई को तहसीलदार मुरार विजय शर्मा, खनिज निरीक्षक एमएल गौड़ व रमाकांत तिवारी, प्रभारी खनिज निरीक्षक कमलेश अहिरवार व राजस्व निरीक्षक अरविंद शर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने अंजाम दिया।दिया।