अपना शहर

बिना अनुमति पेड़ काटने पर कृषि अभियांत्रिकी विभाग पर नगर निगम की कार्रवाईः काटे गए पेड़ों की लकड़ी जब्त की, नोटिस जारी किया जा रहा है

नगर निगम द्वारा बिना अनुमति पेड़ों की कटाई को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है, बिना अनुमति पेड़ काटना नियमों का उल्लंघन है

ग्वालियर। कृषि अभियांत्रिकी विभाग, चंबल संभाग परिसर में बिना अनुमति पेड़ काटे जाने की शिकायत मिलने पर नगर निगम की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परिसर में लगभग 30 हरे-भरे पेड़ काटे जाने तथा कई पेड़ों की अत्यधिक छंटाई किए जाने की जानकारी सामने आई।

नगर निगम के पार्क विभाग की टीम ने मौके पर काटे गए पेड़ों की लकड़ी को जब्त कर लिया। साथ ही पेड़ काटने के संबंध में संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है। नगर निगम द्वारा बिना अनुमति पेड़ों की कटाई को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

कार्यालय अधीक्षक पार्क विभाग शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशन में बिना अनुमति पेड़ काटने वालों पर निरंतर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि बिना अनुमति पेड़ काटना नियमों का उल्लंघन है। मामले में संबंधित पक्ष से लिखित स्पष्टीकरण प्राप्त कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इधर गंदगी और अमानक पॉलीथिन के उपयोग पर 11 हजार 250 रुपए का जुर्माना, मुरार क्षेत्र में भी गंदगी फैलाने वालों पर लगाया जुर्माना 

ग्वालियर नगर निगम के आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देश पर शहर में गंदगी करने वालों और अमानक पॉलीथिन व प्लास्टिक का विक्रय एवं उपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। स्वास्थ विभाग द्वारा आज शनिवार को वार्ड 12, 13 और 16 में  कार्रवाई करते हुए 6 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। 

मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और अमानक पॉलीथिन के उपयोग पर रोक लगाने के लिए यह कार्रवाई की गई।

हजीरा चौराहा, वार्ड क्रमांक 12 में गंदगी एवं अमानक पॉलीथिन/प्लास्टिक के उपयोग और विक्रय को लेकर कार्रवाई करते हुए 2500 रुपये का जुर्माना किया गया। वहीं वार्ड 13 में 1000 रुपये तथा वार्ड क्रमांक 16 में 2500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस तरह तीनों वार्डों में कुल 6000 रुपये की जुर्माना कार्रवाई की गई। वार्ड 17 में ₹1500 का जुर्माना किया गया। 

मुरार क्षेत्र में भी गंदगी फैलाने वालों पर लगा जुर्माना 

अग्रसेन चौराहा एवं खुला संतर मुरार में गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना कार्यवाही करते हुए वार्ड 26 में 1500 रुपए एवं वार्ड 27 में 2250 रुपए कुल 3750 रुपए जुर्माना कार्यवाही की गई है। इस दौरान ZHO निखिल कड़ेरे WHO 26 अजीत करोसिया WHO 27 धर्मेंद्र मोरे प्रभारी लक्ष्मण करोसिया जोन 09 उपस्थित रहे।

स्वच्छता बनाए रखने लगातार जारी रहेगा अभियान

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए गंदगी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही अमानक पॉलीथिन और प्लास्टिक के विक्रय व उपयोग पर भी निगरानी रखी जा रही है। निगम की टीमों द्वारा लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए समझाइश भी दी जा रही है।है।