क्राइम

अवैध हथियारों की खेप ले जा रहे 6 आरोपियों को बोलेरो कार समेत गिरफ्तार किया, गिजोर्रा थाना पुलिस ने चेकिंग में पकड़ी गई कार से 5 देशी कट्टे, 37 जिंदा कारतूस बरामद किए

मामला बेलगढ़ा में हुए विवाद से जुड़ा होना बताया जा रहा है, इसमें एक पक्ष की महिला के बुलावे पर आरोपी हमले के इरादे से बेलगढ़ा के लिए निकले थे

ग्वालियर/ डबरा। गिजोर्रा थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की खेप लेकर जा रहे 6 आरोपियों को बोलेरो कार समेत गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5 अवैध देशी कट्टे और 37 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी लोकनपुर-दतिया तरफ से गिजोर्रा होते हुए बेलगढ़ा की ओर जा रहे थे।

गिजोर्रा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की बोलेरो में पांच-छह लोग भारी मात्रा में हथियार लेकर निकलने वाले हैं। इस सूचना पर पुलिस ने थाने के सामने बैरिकेड लगाकर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार सतीश पुत्र छत्रपाल बघेल (27), रवि उर्फ रविशंकर यादव (39), फक्की कुशवाह (30), अनिकेत यादव (26), राजेश यादव (25) और विनोद यादव (30) को हिरासत में लिया गया। तलाशी में 12 बोर के दो सिंगल शॉट देशी कट्टे, 315 बोर के दो सिंगल शॉट कट्टे, 315 बोर का एक देशी कट्टा तथा दो कारतूस के पट्टे मिले। इनमें 315 बोर के 21 और 12 बोर के 25 जिंदा कारतूस बताए गए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने हथियारों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं होना बताया। पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(ए) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला बेलगढ़ा में हुए विवाद से जुड़ा होना बताया जा रहा है। इसमें एक पक्ष की महिला के बुलावे पर आरोपी हमले के इरादे से बेलगढ़ा के लिए निकले थे। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

हिरासत में आरोपियों से पूछताछ 

एएसपी देहात जयराज कुबेर का कहना है कि गिजौर्रा थाना क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों को पकड़ा है, सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।है।