ग्वालियर। प्रदेश की आदर्श गौशाला में शुमार नगर निगम ग्वालियर की लालटिपारा मुरार, स्थित गौशाला में लगभग 10, 000 निराश्रित गौवंश की सेवा, उपचार एवं संरक्षण का कार्य निरंतर सुव्यवस्थित रूप से किया जा रहा है। यहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में गौवंश की देखभाल आहार के साथ नियमित उपचार एवं आवश्यक सेवाएँ गौशाला की टीम द्वारा की जाती हैं।
ग्वालियर नगर निगम के गौशाला प्रभारी के अनुसार विगत दिवस बीमार अवस्था में एक गौमाता को गौशाला लाया गया था। गौमाता को आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय प्रयास उपलब्ध कराए गए, किंतु दुर्भाग्यवश उसको बचाया नहीं जा सका और मृत्यु हो गई। मृत्यु के कारणों की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक पुष्टि के लिए नियमानुसार पोस्ट-मार्टम भी कराया है।
इसके बावजूद संबंधित हिमांचली मिश्रा एवं उनके सहयोगियों द्वारा गौशाला परिसर में धरना दिया, जिससे पिछले दो दिनों से गौशाला की नियमित सेवा-व्यवस्था एवं कार्यों में व्यवधान उत्पन्न हुआ है। इसका प्रत्यक्ष प्रभाव निराश्रित गौवंश की दैनिक सेवा, उपचार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर पड़ रहा है।
प्रभारी गौशाला नारायण प्रसाद शर्मा एवं गौशाला प्रबंधन स्पष्ट करना चाहता है कि किसी भी गौवंश की मृत्यु जैसे संवेदनशील विषय पर चिकित्सकीय अभिलेख, पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर ही निष्कर्ष निकाला जाना चाहिए। बिना तथ्यात्मक जांच के किसी प्रकार की धारणा बनाना उचित नहीं है।
निगम परिषद का विशेष सम्मेलन आज
ग्वालियर नगर निगम परिषद का विशेष सम्मेलन का आयोजन सोमवार 17 अगस्त 2026 को दोपहर 03 बजे से नगर निगम परिषद अध्यक्ष मनोज सिंह तोमर की अध्यक्षता में जल विहार परिषद सभागार में आयोजित किया जाएगा।
