टॉप न्यूज़

"तिरंगे के रंग में रंगा ग्वालियर": जन-जन का अभियान बन रहा है ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, महाराज बाड़ा पर डाक विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों और छात्राओं ने निकाली तिरंगा यात्राएं, मुरार में वीआरजी कॉलेज की छात्राओं ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

"देशभक्ति के रंग में सजा निगम मुख्यालय": स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में तिरंगे की रोशनी से जगमगाया सिटी सेंटर स्थित निगम मुख्यालय, शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक जनभागीदारी से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान उत्साहपूर्वक चलाया जा रहा है, आंगनबाड़ी केन्द्रों पर नौनिहालों ने भी बढ़ाया उत्साह

इधर मुरार में वीआरजी कॉलेज की छात्राओं ने निकाली भव्य तिरंगा रैली, अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर व्यक्तित्व विकास एवं राष्ट्रप्रेम का दिया संदेश, रैली में कॉलेज की एनसीसी, एनएसएस एवं स्पोर्ट्स विंग की सैकड़ों छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया


ग्वालियर। जिले में राष्ट्रप्रेम और जनभागीदारी की भावना के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान उत्साहपूर्वक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक तिरंगा यात्राओं, रैलियों और विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान में समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय सहभागिता से ग्वालियर का वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगता नजर आ रहा है। इसी क्रम में बुधवार को शहर के हृदय स्थल महाराज बाड़ा पर प्रधान डाकघर लश्कर के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने तिरंगा यात्रा निकालकर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति का संदेश दिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले डाक विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने नागरिकों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घर-आंगन में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।

महाराज बाड़ा क्षेत्र में ही गजराराजा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक तिरंगा रैली निकाली। हाथों में लहराते राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति के नारों के साथ छात्राओं ने शहरवासियों में राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया। रैली के दौरान छात्राओं का उत्साह देखते ही बना और मार्ग से गुजर रहे नागरिक भी तिरंगे के सम्मान में सहभागी बने।

 ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की पहुंच जिले के नन्हे-मुन्ने बच्चों तक भी बनी हुई है। जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों ने तिरंगे के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता कर अभियान को जन-जन का अभियान बनाने में अपनी भूमिका निभाई। आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व और उसके सम्मान के बारे में जानकारी दी गई तथा उन्हें राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से जिले में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान में विद्यार्थियों, बच्चों, शासकीय कर्मचारियों, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों की बढ़ती भागीदारी यह संदेश दे रही है कि ग्वालियर तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रप्रेम के संकल्प में एकजुट है।

"देशभक्ति के रंग में सजा निगम मुख्यालय": स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में तिरंगे की रोशनी से जगमगाया सिटी सेंटर स्थित निगम मुख्यालय 

 ग्वालियर में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नगर निगम मुख्यालय भवन को तिरंगा लाइटिंग एवं आकर्षक विद्युत साज-सज्जा से रोशन किया गया है। तिरंगे की रोशनी में जगमगाता निगम मुख्यालय देश की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश दे रहा है।

मुरार में वीआरजी कॉलेज की छात्राओं ने निकाली भव्य तिरंगा रैली

विजयाराजे शासकीय गर्ल्स पीजी कॉलेज मुरार की छात्राओं ने बुधवार को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत भव्य तिरंगा रैली निकालकर क्षेत्र में देशभक्ति का संदेश दिया। रैली में कॉलेज  की एनसीसी, एनएसएस एवं स्पोर्ट्स विंग की सैकड़ों छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगा रैली कॉलेज परिसर से प्रारंभ होकर मुरार नगर, 7 नंबर चौराहा, 6 नंबर चौराहा एवं रामलीला मैदान होते हुए पुनः कॉलेज परिसर पहुंची। हाथों में तिरंगा थामे छात्राएं पूरे मार्ग में “हर घर तिरंगा-घर-घर तिरंगा”, “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “स्वतंत्रता अमर रहे” जैसे देशभक्ति के नारों से वातावरण को गुंजायमान करती रहीं। रैली के माध्यम से छात्राओं ने मुरार क्षेत्र के नागरिकों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों में 17 अगस्त तक तिरंगा फहराने प्रेरित किया। इस अवसर पर कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में विवेकानंद सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।

कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसके श्रीवास्तव ने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया। विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए आत्मविश्वास, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. राजेश कुमार सक्सेना ने युवाओं की भूमिका और उनकी जिम्मेदारियों पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है और राष्ट्र के विकास में युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। 

इस अवसर पर कॉलेज के प्राध्यापक डॉ. राजवीर सिंह किरार, डॉ यश दुबे, डॉ. कंचन सिंह नगेल, रूपेश पल्लव,अवधेश कुमार निरंजन, आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. रेनू नायर एवं बलबीर सिंह सहित कॉलेज का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. जयंत कोष्टी ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. शर्मिला जैन ने किया।किया।