ग्वालियर। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने सागर के एक परिवार को खुशियों से भर दिया है। जब सागर के एक परिवार की महिला एक साल से बिछड़े परिवार से मिली, तो उनके बेटे और भतीजे के आँखों से आँसु थम नहीं रहे थे।
एक वर्ष से ग्वालियर के स्वर्ग सदन आश्रम में निवासरत महिला प्रभुजी रमपतिया जी का परिवार एक वायरल वीडियो के कारण सागर में मिल गया है। यहाँ आने से एक वर्ष पहले वे सागर के अर्जुनपुरा गाँव से लापता हो गई थी। वह भटककर किसी तरह ग्वालियर आ गई। यहाँ आम-खो बस स्टैंड पर स्वर्ग सदन आश्रम के सेवादारों को मिलीं, वह उन्हें आश्रम स्वर्ग सदन लेकर आए। जहाँ उनकी सेवा, देखभाल और सम्मान के साथ रहने की व्यवस्था की गई।
आश्रम परिवार के अनुसार चार दिन पहले डीएसपी संतोष पटेल स्वर्ग सदन आश्रम आए थे। उन्होंने एक वीडियो बनाकर फेसबुक पर साझा किया। उस वीडियो में रमपतिया जी को उनके गांव के लोगों ने पहचान लिया और उनके परिवार को सूचना दी। तब उनके परिवार ने आश्रम स्वर्ग सदन में संपर्क किया गया।
इस बीच सबसे भावुक क्षण तब आया जब पुणे में काम करने वाले उनके बेटे और भतीजे पुणे से सीधे उन्हें लेने आश्रम स्वर्ग सदन ग्वालियर आए। महिला का परिवार से मिलते ही वर्षों की चिंता, तलाश और इंतजार जैसे एक पल में समाप्त हो गए।
इतना ही नहीं रमपतिया जी को अपने बेटे और भतीजे के साथ घर जाते देखकर आश्रम परिवार की आँखें भी नम हो गईं। कभी-कभी एक छोटी-सी पहल किसी परिवार की पूरी जिंदगी बदल देती है।
एक वीडियो बना, सोशल मीडिया पर पहुँचा और उसी के माध्यम से एक माँ अपने बेटे तक और एक परिवार अपनी माँ तक पहुँच गया। आश्रम स्वर्ग सदन का उद्देश्य केवल प्रभुजनों को आश्रय देना नहीं, बल्कि जहाँ तक संभव हो, उन्हें उनके परिवार और अपनों से पुनः मिलाना भी है।
आश्रम परिवार ने डीएसपी संतोष पटेल का आभार जताया है, जिनकी इस पुनर्मिलन में ईश्वरीय महत्वपूर्ण भूमिका रही है।है।
