राजनीति

“मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान”; ग्वालियर जिले में दूसरा जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर 14 अगस्त को डबरा में लगेगा, क्लस्टर स्तर, नगर निगम ग्वालियर व अन्य नगरीय निकायों में भी लगेंगे शिविर

अभियान के तहत हर शुक्रवार को लगाए जा रहे हैं जन-विश्वास शिविर, 7 अगस्त से 8 जनवरी तक होने वाले जन-विश्वास शिविरों के स्थल निर्धारित कर दिए हैं, हर माह प्रत्येक शुक्रवार को इन शिविरों का आयोजन होगा

ग्वालियर।मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत ग्वालियर जिले का दूसरा जिला स्तरीय शिविर शुक्रवार 14 अगस्त को डबरा स्थित नगर पालिका परिषद के कम्युनिटी हॉल में आयोजित होगा। इस शिविर के माध्यम से नगर पालिका डबरा के सभी वार्डों के निवासियों लाभान्वित कराया जायेगा। शिविर शुरू होने से पहले विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ फील्ड भ्रमण कर अपने-अपने विभाग की संस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर में जन संवाद एवं उद्योग संवाद आयोजित किए जाएंगे। उद्योग संवाद में वृहद, एमएसएमई तथा कुटीर उद्योगों से जुड़े उद्यमी अपने अनुभव साझा करेंगे। साथ ही उद्यमियों की समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा। 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर सम्पूर्ण प्रदेश के साथ ग्वालियर जिले में भी जनता से सीधा संवाद व जुड़ाव स्थापित करने और समस्याओं का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित होने जा रहा है। जिले में “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत 7 अगस्त से 8 जनवरी तक आयोजित होने वाले जन-विश्वास शिविरों के स्थल निर्धारित कर दिए गए हैं। अभियान के तहत जिला स्तरीय शिविरों के साथ-साथ प्रत्येक विकासखंड में क्लस्टर स्तरीय शिविर भी लगाए जायेंगे। हर माह प्रत्येक शुक्रवार को इन शिविरों का आयोजन होगा। कलेक्टर रुचिका चौहान ने शिविरों की तिथि व स्थल निर्धारित करने के साथ-साथ विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय कर दी हैं। साथ ही शिविरों में आयोजित होने वाली गतिविधियों को प्रभावी ढंग से मूर्तरूप देने के लिये स्पष्ट दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। जिला स्तरीय शिविर में सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं क्लस्टर स्तरीय शिविर में खंड स्तरीय अधिकारी अनिवार्यत: मौजूद रहेंगे।

14 अगस्त को यहां लगेंगे क्लस्टर स्तरीय शिविर

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार 14 अगस्त को जिले के प्रत्येक नगरीय निकाय व विकासखंड में क्लस्टर स्तरीय शिविर लगाए जायेंगे। इस दिन नगर निगम ग्वालियर में भी शिविर लगेगा। विकासखंड घाटीगांव के अंतर्गत स्कूल प्रांगण आरोन में शिविर लगेगा। इस शिविर में ग्राम पंचायत करही, पाटई, सबराई, बन्हेरी व बड़कागाँव ग्राम पंचायत के ग्रामीणजन लाभान्वित कराए जायेंगे। इसी तरह विकासखंड डबरा के अंतर्गत स्कूल प्रांगण सूखापठा में 14 अगस्त को क्लस्टर स्तरीय शिविर लगेगा। जिसमें ग्राम पंचायत सकतपुरा, चिरपुरा, गढ़ी, इकौना, जंगीपुर, लदेरा व सूखापठा ग्राम पंचायत के ग्रामीण जनों को लाभ मिलेगा। विकासखंड मुरार के अंतर्गत शुक्रवार 14 अगस्त को स्कूल प्रांगण बेरजा में क्लस्टर स्तरीय जन-विश्वास शिविर लगाया जायेगा। जिसमें ग्राम पंचायत राई, रतवई, गोवई, सुपावली, सुनारपुरामाफी, रसीदपुर व बिल्हेटी ग्राम पंचायत के निवासियों को लाभान्वित कराया जायेगा। जिले की नगर पालिका डबरा एवं नगर परिषद आंतरी, बिलौआ, पिछोर, भितरवार व मोहना में भी 14 अगस्त को जन-विश्वास शिविर लगाए जायेंगे।

शहर के डीडी नगर में “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” आज

“मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” सम्पूर्ण प्रदेश में 7 अगस्त से 8 जनवरी 2027 तक संचालित किया जा रहा है।  इस अभियान के तहत नगर निगम ग्वालियर के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मैदानी भ्रमण कर आमजनों से संवाद कर रहे हैं और जनकल्याणकारी समस्याओं का निराकरण करेंगे।

नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” कैम्प  14 अगस्त को क्षेत्रीय कार्यालय क्र.-08 स्थित मंगल भवन पर आयोजित किया जाएगा। अभियान अंतर्गत सभी क्षेत्रीय कार्यालयों पर सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी योजना के अंतर्गत आने वाली शिकायतों तथा आवेदन के निराकरण की समीक्षा के साथ ही समस्याओं के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही आम नागरिकों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर मिले तथा सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिले इसके लिए आम नागरिकों से संवाद भी किया जाएगा।