अपना शहर

"स्वच्छ ग्वालियर अभियान टोली"; शहर में देशभक्ति और स्वच्छता का अनूठा संगम आज देखने को मिलेगा, थीम रोड 'कटोराताल' से वीरांगना लक्ष्मीबाई की समाधि तक शुक्रवार को बनेगी भव्य मानव श्रृंखला

'स्वतंत्रता का उत्सव स्वच्छता के साथ’ ध्येय वाक्य के साथ होने वाले इस आयोजन में शहरवासियों के साथ ही सभी संस्थाएं एकजुट होकर सहभागिता करेंगी,स्वतंत्रता दिवस से पूर्व शहरवासी देंगे स्वच्छता और देशभक्ति का संदेश

ग्वालियर। स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले आज शुक्रवार को ग्वालियर में देशभक्ति और स्वच्छता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। ‘स्वच्छ ग्वालियर अभियान टोली’ के तत्वावधान में 14 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक भव्य मानव श्रृंखला बनाई जाएगी। ‘स्वतंत्रता का उत्सव स्वच्छता के साथ’ ध्येय वाक्य के साथ होने वाले इस आयोजन में शहर की शैक्षणिक, सामाजिक, व्यापारिक और प्रशासनिक संस्थाएं एकजुट होकर सहभागिता करेंगी। आयोजन समिति के अनुसार अभियान का उद्देश्य ग्वालियर को स्वच्छ, सुंदर और जागरूक शहर बनाने के साथ ही नागरिकों में अपने शहर के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्यबोध को जागृत करना है।

फ्लैग पॉइंट 'वीर सावरकर सरोवर'-कटोराताल से शुभारंभ

मानव श्रृंखला का शुभारंभ थीम रोड स्थित 'वीर सावरकर सरोवर'-कटोराताल फ्लैग पॉइंट से होगा। यहां से मानव श्रृंखला अचलेश्वर चौराहा, अचलेश्वर मंदिर, इंदरगंज चौराहा, जयेंद्रगंज, नदीगेट, मोती-तबेला, बैजाताल से होते हुए फूलबाग चौपाटी से वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर संपन्न होगी।

इस भव्य प्रयास में विभिन्न संस्थाओं की रहेगी सहभागिता

स्वतंत्रता दिवस से पूर्व इस अभियान में शहर के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ ही चिकित्सा संवर्ग, मेडिकल कॉलेज (GRMC) , एमएलबी कॉलेज, सिंधिया कन्या विद्यालय (SKV) , महिला पॉलिटेक्निक, जीवाजी राव हायर सेकेंडरी स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, एएमआई शिशु मंदिर, शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थान, मध्य प्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स, दाल बाजार व्यापारी प्रकोष्ठ, संजय कॉम्प्लेक्स, राजीव प्लाजा, जयेंद्रगंज व्यापारी संघ, अचलेश्वर न्यास, सनातन धर्म मंदिर, जीवाजी क्लब, फूलबाग गुरुद्वारा समिति, स्मार्ट सिटी, रोटरी क्लब, लायंस क्लब और रेडक्रॉस सोसाइटी सहित विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठन शामिल होंगे।होंगे।

निगम मुख्यालय सिटी सेंटर में तिरंगा विक्रय केंद्र का शुभारंभ: नागरिकों से अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील

'हर घर तिरंगा अभियान' के तहत शहरी आजीविका मिशन की पहल पर स्व-सहायता समूह की दीदियों ने नगर निगम मुख्यालय सिटी सेंटर में तिरंगा विक्रय केंद्र लगाया गया है, इस तिरंगा विक्रय केंद्र का गुरूवार को शुभारंभ किया गया है।
'हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में  ‘हर घर तिरंगा’अभियान के अंतर्गत मुख्यालय नगर निगम परिसर में शहरी आजीविका मिशन, नगर पालिक निगम ग्वालियर द्वारा निरंतर 9 अगस्त 2026 से तिरंगा विक्रय केंद्र का शुभारंभ निगमायुक्त संघ प्रिय के निर्देशन में नोडल अधिकारी अंकुर तोमर, सहायक नोडल अधिकारी विजेता चौहान द्वारा किया गया । तिरंगा विक्रय केंद्र पर जय मातेश्वरी स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा तिरंगे विक्रय के लिए स्टॉल लगाया गया है, इस स्टॉल पर तिरंगा  के साथ ही विभिन्न उत्पादों का भी विक्रय किया जा रहा है।

“हर घर तिरंगा” अभियान में भितरवार में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, उमड़ा देशभक्ति का जनसैलाब, पूरा नगर राष्ट्रभक्ति में रंगा

“हर घर तिरंगा” अभियान के तहत ग्वालियर शहर सहित जिले के कस्बों व गाँवों तक तिरंगा यात्रायें निकाली जा रही हैं। इस क्रम में गुरुवार को भितरवार में निकली भव्य तिरंगा यात्रा ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया। विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, देश के प्रति समर्पण, सम्मान और गौरव का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत गुरुवार को नगर परिषद भितरवार में यह भव्य तिरंगा यात्रा निकली। तिरंगे की शान में निकली इस यात्रा में देशभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था।

पूरा नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और चारों ओर भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के जयघोष गूंजते रहे। तिरंगा यात्रा में विधायक श्री मोहन सिंह राठौड़, एसडीएम श्री राजीव समाधिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की। यात्रा के दौरान सभी ने नागरिकों से अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया। यात्रा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शहर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने इस आयोजन को और अधिक गरिमामय बना दिया। विद्यार्थियों का जोश, नागरिकों की सहभागिता और तिरंगे के प्रति सम्मान ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के भाव से सराबोर कर दिया। सरकार की पहल पर प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से “हर घर तिरंगा” अभियान चलाया जा रहा है।