ग्वालियर। समाजसेवा, वीरता एवं साहसिक कार्यों के माध्यम से समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा वर्ष 2025 के लिए छह राज्य स्तरीय एवं एक जिला स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इन पुरस्कारों के लिए पात्र व्यक्तियों एवं संस्थाओं से 31 अगस्त 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग उपासना राय से मिली जानकारी के अनुसार, रानी अवंतीबाई राज्य स्तरीय वीरता पुरस्कार बालिका/महिला को, राजमाता विजयाराजे सिंधिया समाज सेवा पुरस्कार बालिका/महिला को तथा विष्णु कुमार समाज सेवा पुरस्कार संस्था/व्यक्ति को प्रदान किया जाएगा।
इन तीनों पुरस्कारों के तहत एक-एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। इसी प्रकार मुख्यमंत्री नारी सम्मान रक्षा पुरस्कार पुरुष/महिला को राज्य स्तर पर एक लाख रुपये एवं प्रशस्ति पत्र तथा जिला स्तर पर 50 हजार रुपये एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। राष्ट्रमाता पद्मावती पुरस्कार पुरुष/महिला तथा अरुणा शानबाग वीरता पुरस्कार महिला को प्रदान किया जाएगा। इन दोनों पुरस्कारों के लिए भी एक-एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र निर्धारित है। पुरस्कारों से संबंधित विस्तृत जानकारी महिला एवं बाल विकास विभाग की वेबसाइट www.mpwcdmis.gov.in पर उपलब्ध है। इच्छुक आवेदक विभाग की वेबसाइट पर पुरस्कारों से संबंधित विवरण एवं चयन के मापदंड देख सकते हैं। निर्धारित मापदंडों के अनुसार प्रमाणित दस्तावेजों सहित आवेदन 31 अगस्त 2026 तक जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, न्यू कलेक्ट्रेट परिसर, द्वितीय तल, सिरेाल रोड ग्वालियर में प्रस्तुत किए जा सकते हैं।
मंत्री कुशवाह ने जरूरतमंद दिव्यांगजन को व्हीलचेयर एवं वॉकर प्रदान किए
सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने समाधिया कॉलोनी, लश्कर स्थित स्थानीय कार्यालय से जरूरतमंद दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर एवं वॉकर प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों की सहायता कर उनके जीवन को सुगम और सहज बनाना सच्ची जनसेवा है। सरकार प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक आवश्यक सहयोग पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
मंत्री कुशवाह ने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार द्वारा निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। जरूरतमंद दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना सरकार की प्राथमिकता है।है।
