टॉप न्यूज़

ग्वालियर "कलेक्ट्रेट परिसर" में शान से लहराया तिरंगा; कलेक्टर रुचिका चौहान ने किया ध्वजारोहण, कहा कि भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है

कलेक्टर ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें, उन्होंने “हर घर तिरंगा अभियान” में सहभागी बनकर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की

ग्वालियर। गौरवशाली भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ओहदपुर की सुरम्य पहाड़ी पर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में पूरे सम्मान और गरिमा के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। कलेक्टर  रुचिका चौहान ने ध्वजारोहण कर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं।

ध्वजारोहण के उपरांत सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर चौहान ने कहा कि भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और सभी को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा विविधताओं का सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बच्चों में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। देशभक्ति केवल किसी एक दिवस तक सीमित न रहकर वर्ष के सभी 365 दिनों तक हमारे आचरण और व्यवहार में दिखाई देनी चाहिए।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में अपर कलेक्टर सीवी. प्रसाद, अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया सहित जिला प्रशासन के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर चौहान ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें

गौरवशाली भारतवर्ष के 80वे स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्टर  रुचिका चौहान ने जिलेवासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे “हर घर तिरंगा अभियान” में सहभागी बनें और अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों में तिरंगा फहराएँ। साथ ही जिले को हरा-भरा बनाने एवं पर्यावरण की रक्षा के लिये “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत साझा प्रयासों से वृहद स्तर पर पौधे रोपें और उनकी रक्षा भी करें।करें।