ग्वालियर पुलिस ने 451 गुम मोबाइलों को देश के अलग-अलग राज्यों एवं शहरों से बरामद किया है। ग्वालियर पुलिस की साइबर सेल ने CEIR PORTAL के माध्यम से 01 करोड़ 03 लाख रू.कीमत के 451 मोबाइल खोजें हैं। शुक्रवार को आज एसएसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने मोबाइल मालिकों को उनके गुम मोबाइल लौटाए तो मोबाइल धारकों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।
पुलिस को रोज मोबाइल गुम होने संबंधी आवेदन सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से प्राप्त हो रहे हैं। जिस पर एसएसपी धर्मवीर सिंह ने एएसपी ट्रैफ़िक सुजावल जग्गा, एएसपी क्राइम सुमन गुर्जर, एएसपी शिवेश सिंह बघेल एवं एएसपी ग्रामीण जयराज कुबेर को अपने अधीनस्थ थाना क्षेत्रों में गुम मोबाइलों को ट्रेस करने के लिए निर्देशित किया। एएसपी शहर क्राइम ने गुम मोबाइलों को साइबर सेल ग्वालियर की टीम से ट्रेस कराकर उनकी शीघ्र बरामदगी कराने के लिए लगाया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में प्रभारी साइबर सेल एसआई रजनी सिंह रघुवंशी द्वारा मोबाइल गुम होने के आवेदनों पर कार्यवाही के लिए साइबर सेल की टीम को लगाया। टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए बीते 03 माह की अवधि में सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से विभिन्न कम्पनियों के 451 मोबाइलों को देश के अलग-अलग राज्यों एवं शहरों से बरामद किया गया है, जिनकी कुल कीमत लगभग 01 करोड 03 लाख रूपये है। जिनमें एक महिला आवेदक रेखा शिक्षक हैं, उनका ड्यूटी के दौरान मोबाईल गुम हो गया था। इसी तरह ग्रहणी सपना दीक्षित का बेटी का इलाज कराने डॉक्टर के पास जाते समय मोबाइल गिर गया था। इसी प्रकार सीआरपीएफ में जवान की पत्नी सीमा सेन जो कि ग्रहणी हैं, उनका भी बाहर जाते समय मोबाईल गुम हो गया था।
इसी प्रकार अन्य आवेदक गणों के मोबाइल भी गुम हुये थे, जिस कारण सभी बहुत परेशान थे। सभी आवेदकों द्वारा मोबाइल गुम होने की शिकायत सीईआईआर पोर्टल पर की थी। सेल द्वारा त्वरित कार्यवाही कर मोबाईल बरामद किये है। जिन्हें शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने समस्त मोबाईल धारकों को प्रदान किये गये। अपना मोबाईल प्राप्त कर सभी मोबाइल धारकों के चेहरे पर पुनः मुस्कान लौट आई। सभी मोबाइल मालिकों ने मोबाइल मिलने पर पुलिस एवं साइबर सेल की टीम को धन्यवाद ज्ञापित किया है।
ग्वालियर पुलिस द्वारा उन नागरिकों को भी प्रोत्साहन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदाय किये गये हैं, जिनमें पवन कुशवाह, भोजराज सिंह चौहान, भोगीराम (लल्ला ) मंडेलिया, मनोज चौरसिया शामिल हैं, जिन्होनें जागरुक नागरिक होने का कर्तव्य निर्वहन करते हुये लावारिस मिले मोबाइलों को साइबर सेल में आकर स्वयं जमा कराकर सराहनीय कार्य किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने साइबर सेल की टीम को सराहनीय कार्य के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा की है ।
सराहनीय भूमिकाः- गुम मोबाइलों को खोजने में प्रभारी साइबर सेल उप निरीक्षक रजनी सिंह रघुवंशी, एसआई विश्वीर सिंह जाट, आरक्षक सोनू प्रजापति, शिवकुमार यादव, आशीष शर्मा, विपिन सिकरवार एवं जिले के विभिन्न थानों के आरक्षक हितेन्द्र शर्मा ग्वालियर, अशोक लोधी भितरवार, दीपक रावत डबरा सिटी, बालेन्द्र शर्मा हजीरा थाना, राहुल शर्मा गोले का मन्दिर, राहुल जाट मुरार की सराहनीय भूमिका रही।
क्या है? CEIR PORTAL पोर्टल
सीईआईआर पोर्टल:- सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) भारत सरकार दूरसंचार विभाग का पोर्टल है। सीईआईआर-संचार साथी की मदद से कोई भी व्यक्ति अपने चोरी अथवा गुम हुए मोबाइल का आईएमईआई नंबर ब्लॉक कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिसके बाद पुलिस ने इस पोर्टल के माध्यम से मोबाइल को आसानी से खोजा जा सकेगा।
मोबाइल गुम होने पर पोर्टल पर ऐसे करें शिकायत:- अगर अपका मोबाइल गुम या चोरी हो गया है तो सबसे पहले नजदीकी थाने जाकर शिकायत दर्ज करायें और अपनी सिम को संबंधित कंपनी से पुनः निकलवायें, इसके बाद सीईआईआर पोर्टल www.ceir.gov.in पर जाकर मोबाइल का IMEI नंबर ब्लॉक करें जिसमें थाना का शिकायती आवेदन, मोबाइल का बिल और अपना एक पहचान पत्र पोर्टल पर अपलोड कर आवेदन ऑनलाइन जमा करें। उसके बाद आपको एक 18 अंकों की एक रिक्वेस्ट आईडी मिल जायेगी जिससे शिकायत की स्थिति का पता किया जा सकेगा।
