ग्वालियर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 15 अगस्त को राजधानी भोपाल में आयोजित राज्य- स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों के नाम संदेश देंगे। वही ग्वालियर में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर कलेक्ट्रेट कार्यालय भवन को तिरंगा लाइटिंग एवं आकर्षक विद्युत साज-सज्जा से रोशन किया गया है। तिरंगे की रोशनी में जगमगाता कलेक्ट्रेट कार्यालय देश की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश दे रहा है।
80वां स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी भोपाल सहित जिला मुख्यालयों पर विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां भी होंगी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ग्वालियर, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मंदसौर और उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल रीवा में ध्वजारोहण करेंगे। इसके साथ ही जिला मुख्यालयों पर मंत्रीगण द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा।
इधर ग्वालियर में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर ग्वालियर के एसएएफ ग्राउंड में तैयारियां अंतिम चरण में जोर-शोर से जारी हैं। बीते रोज अपर जिला दण्डाधिकारी सीबी प्रसाद सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर चल रहे कार्यों का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश दिए। अपर जिला दण्डाधिकारी प्रसाद ने समारोह स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, साफ-सफाई एवं मार्च पास्ट व सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल और गरिमापूर्ण आयोजन के लिए सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूर्ण की जाएं। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान एसडीएम अतुल सिंह व नरेन्द्र बाबू यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
उधर देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में आयोजित होने वाले ध्वजारोहण कार्यक्रमों के लिए अधिकृत सूची जारी कर दी है। राज्य शासन के इस निर्णय के अनुसार मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, उपमुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री एवं राज्यमंत्री विभिन्न जिला मुख्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और मुख्यमंत्री के बधाई संदेश का वाचन भी करेंगे।
