अपना शहर

"हाईकोर्ट के निर्देशों के पालन में कार्रवाई की समीक्षा"; निगम राजस्व हित में विज्ञापन कियोस्क, स्मार्ट सिटी डॉक स्टेशन, एलईडी मोनोपोल, टी-साइनेज बोर्ड एवं नवीन यूनिपोल के टेंडर शीघ्र तैयार किए जाएँ : निगमायुक्त

राजस्व वृद्धि के लिए विज्ञापन संबंधी नए प्रॉजेक्ट्स के टेंडर शीघ्र तैयार कर जारी किए जाने के निर्देश, शेष 08 बड़े स्ट्रक्चर के खिलाफ़ तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने की निगमायुक्त के सख्त निर्देश

ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर के निगमायुक्त संघ प्रिय द्वारा आज विज्ञापन शाखा की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित कर हाईकोर्ट के निर्देशों के पालन में अब तक की गई कार्रवाई एवं आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की गई। बैठक में निगम राजस्व वृद्धि के उद्देश्य से विज्ञापन संबंधी नवीन परियोजनाओं के टेंडर शीघ्र तैयार कर जारी किए जाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में अवैध एवं अनाधिकृत यूनिपोल तथा होर्डिंग के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए बताया कि अब तक कुल 44 अनाधिकृत यूनिपोल हटाए जा चुके हैं। इनमें 25 अनाधिकृत यूनिपोल, 16 फुटपाथ पर स्थापित यूनिपोल तथा 03 निजी भूमि पर स्थापित अनधिकृत यूनिपोल शामिल हैं।

समीक्षा के दौरान यह भी बताया कि फुटपाथ पर स्थापित अतिरिक्त 06 यूनिपोल के संबंध में संबंधित फर्मों द्वारा आपत्तियां प्रस्तुत की गई थीं, जिनकी सुनवाई पूर्ण हो चुकी है। निगमायुक्त ने इन प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर आदेश जारी करने के निर्देश दिए।

बैठक में राजस्व कर संग्रहकों द्वारा कराए सर्वे के आधार पर चिन्हित 139 अवैध एवं अनाधिकृत होर्डिंग एवं फ्लेक्स की भी समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि अब तक 117 अवैध होर्डिंग एवं फ्लेक्स हटाए जा चुके हैं, जबकि 08 स्थानों पर केवल फ्लेक्स हटाए गए हैं तथा बड़े स्ट्रक्चर हटाना शेष है। शेष 14 प्रकरणों में मौके पर वैध अनुमति प्राप्त पाई गई। 

निगमायुक्त ने शेष 08 बड़े स्ट्रक्चर के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने तथा भविष्य में लगाए जाने वाले प्रत्येक अवैध एवं अनाधिकृत विज्ञापन संरचना के विरुद्ध नियमित एवं सतत अभियान चलाने के निर्देश दिए।

निगमायुक्त ने निगम के राजस्व में वृद्धि के उद्देश्य से नोडल अधिकारी विज्ञापन शाखा को नवीन विज्ञापन पैकेजों के टेंडर शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित टेंडरों में लगभग 1170 विज्ञापन कियोस्क, 88 यूनिपोल के तीन नवीन पैकेज, 20 एलईडी मोनोपोल, 50 स्मार्ट सिटी साइकिल डॉक स्टेशन, टी-साइनेज बोर्ड तथा अन्य आधुनिक विज्ञापन माध्यम शामिल किए जाएंगे। निगमायुक्त ने कहा सभी टेंडर निर्धारित समय- सीमा में तैयार कर प्रक्रिया पूर्ण की जाए, जिससे नगर निगम को अधिकतम राजस्व प्राप्त हो सके तथा शहर में सुव्यवस्थित एवं नियमानुसार विज्ञापन व्यवस्था विकसित की जा सके।

निगमायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हाईकोर्ट के निर्देशों का पूर्ण पालन सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित किया जाए तथा अवैध विज्ञापन संरचनाओं के विरुद्ध नियमित, प्रभावी एवं पारदर्शी कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाए।जाए।

बैठक में अपर आयुक्त विज्ञापन टी प्रतीक राव, नोडल अधिकारी विज्ञापन अनूप लिटोरिया, सहायक नोडल अधिकारी संस्कार पाठक, शिवहरि शर्मा आदि उपस्थित रहे।