दतिया। क्षेत्रीय कार्यालय मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से आज जनसुनवाई की गई। भाण्डेर के गांव ततारपुर में पत्थर गिट्टी खदान क्रॅशर की पर्यावरण स्वीकृति के लिए जनसुनवाई कार्यक्रम में अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय उपस्थित रहे। इसमें आसपास के ग्रामीणों को भी बुलाया गया था। बता दें कि खसरा नंबर 626, 627 नया 777, 793 शासकीय भूमि प्रस्तावित खदान का क्षेत्रफल 1.50 हैक्टेयर परियोजना की लागत 150.00 लाख रूपयें प्रस्तावित उत्पादन क्षमता पत्थर गिट्टी 100000 घनमीटर प्रति वर्ष के पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए जिला प्रशासन की ओर से जनसुनवाई का आयोजन ग्राम ततारपुर में दोपहर 12 बजे से किया गया था। पर्यावरण स्वीकृति के लिए जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन अपर कलेक्टर उपाध्याय के निर्देशानुसार किया गया। उनके अनुसार इसके लिए संबंधित गांवों के लोगों को पर्यावरण स्वीकृति जनसुनवाई कार्यक्रम में बुलाया गया ताकि लोग अपनी समस्याएं एवं शिकायतें यहां रख सकें।
जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भूमि कटाव रोकने, मकान निर्माण के लिए रेत, बजरी मुहैया करवाने, रोजगार के साधन जुटाने, पानी का छिड़काव, पर्यावरण बचाव, सड़को की मरम्मत ,शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक कल्याण और सार्वजनिक सुरक्षा जैसे गांव की अर्थव्यवस्था में सुधार करना, स्कूल, मंदिर, आंगनबाड़ी आदि केंद्रों में बुनियादी सुविधाएं आदि सामाजिक सेवाएं सहित तमाम प्रकार की समस्याएं एवं शर्तें प्रशासन के समक्ष रखीं। अपर कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि पर्यावरण स्वीकृति के सिलसिले में आयोजित जनसुनवाई से जुड़ी कार्रवाई पूरी हो गई है। इसमें लगभग अधिकतर विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। सुनवाई से जुड़े दस्तावेजों को संकलित कर आगे संबंधित उच्च विभाग को भेजे जाएंगे।
इस अवसर पर कार्यपालन यंत्री क्षेत्रीय कार्यालय मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ग्वालियर आरकेे दौहितारा, सहायक अधीक्षक क्षेत्रीय कार्यालय मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ग्वालियर आरके अहिरवार, डिप्टी कलेक्टर सोनाली राजपूत, सहायक संचालक जनसम्पर्क निहारिका मीना सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
