ग्वालियर जिले में प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत 1 से 15 अगस्त तक 'विशेष पीएम स्वनिधि पखवाड़ा' मनाया जा रहा है। राज्य शासन के निर्देश के अनुसार संचालित इस अभियान के दौरान पात्र पथ विक्रेताओं को योजना से जोड़ने, लंबित ऋण प्रकरणों के त्वरित निराकरण, यूपीआई लिंक्ड क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने तथा डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए विशेष शिविर, जनजागरूकता कार्यक्रम और बैंक समन्वय बैठकें आयोजित की जाएंगी। 'स्वनिधि से समृद्धि : आत्मनिर्भर शहरी मध्यप्रदेश की ओर' थीम पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र पथ विक्रेताओं तक योजना का लाभ पहुंचाना और उन्हें औपचारिक वित्तीय व्यवस्था से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
अभियान के दौरान नए आवेदन प्राप्त करने, पूर्व में अस्वीकृत प्रकरणों की समीक्षा, लंबित ऋण आवेदनों का शीघ्र निराकरण, स्वीकृत ऋण एवं यूपीआई लिंक्ड क्रेडिट कार्ड वितरण तथा डिजिटल लेनदेन को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके लिए नगरीय निकायों और बैंकिंग संस्थाओं के बीच समन्वय को भी मजबूत किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। प्रदेश में अब तक 10.30 लाख से अधिक पथ विक्रेताओं को 16.35 लाख ऋण प्रकरणों के माध्यम से 2,802 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्रदान की जा चुकी है। साथ ही 7.17 लाख से अधिक हितग्राही डिजिटल लेनदेन से जुड़ चुके हैं।
