टॉप न्यूज़

"दतिया उप-निर्वाचन 2026"; 3 अगस्त को होने वाली मतगणना की सभी तैयारियां पूर्ण, ईवीएम के वोट की काउंटिंग 15 राउंड में होगी, सुबह 8 बजे से डाक मतपत्रों की गणना से शुरूआत होगी, इसके बाद ईवीएम के वोट की गिनती होगी

शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज दतिया में मतगणना की 20 काउंटिंग टेबल लगा ई हैं, डाक मतपत्रों की गणना का पृथक एक काउंटर है , पूरी मतगणना कार्य में लगभग 350 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है

दतिया/ ग्वालियर। दतिया विधानसभा उप-निर्वाचन के अंतर्गत 3 अगस्त को शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज दतिया में मतगणना संपन्न होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में मतगणना की सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मतगणना सुबह 8 बजे से डाक मतपत्रों की गणना के साथ प्रारंभ होगी। इसके बाद सुबह 8ः30 बजे से ईवीएम में दर्ज मतों की गणना शुरू की जाएगी। मतगणना के लिए कुल 20 काउंटिंग टेबल स्थापित की गई हैं, जबकि डाक मतपत्रों की गणना के लिए पृथक एक काउंटर बनाया गया है। 

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार ईवीएम के मतों की गणना कुल 15 चरणों (राउंड) में संपन्न होगी। प्रत्येक काउंटिंग टेबल पर तीन अधिकारियों-कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है, जिनमें एक काउंटिंग सुपरवाइजर, एक काउंटिंग असिस्टेंट तथा एक माइक्रो ऑब्जर्वर शामिल रहेगा। संपूर्ण मतगणना कार्य में लगभग 350 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

इसी प्रकार मतगणना स्थल पर सुरक्षा के व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रभावी बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। मीडिया प्रतिनिधियों की सुविधा के लिए मतगणना स्थल शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर में ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त मीडिया सेंटर भी स्थापित किया गया है, जहां से वे मतगणना की अद्यतन जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।सकेंगे।