राजनीति

ग्वालियर जिले में “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत लगेंगे 19 जिला स्तरीय व 196 क्लस्टर स्तरीय शिविर, शिविर स्थल निर्धारित, हर शुक्रवार को लगाए जायेंगे शिविर

सम्पूर्ण प्रदेश में 7 अगस्त से 8 जनवरी तक होने वाले मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान में भी जनता से सीधा संवाद व जुड़ाव स्थापित करने और समस्याओं का शत-प्रतिशत निराकरण करने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित होने जा रहा है

ग्वालियर जिले में “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत 7 अगस्त से 8 जनवरी तक आयोजित होने वाले जन-विश्वास शिविरों के स्थल निर्धारित कर दिए गए हैं। अभियान के तहत जिला स्तरीय शिविरों के साथ-साथ प्रत्येक विकासखंड में क्लस्टर स्तरीय शिविर भी लगाए जायेंगे। हर माह प्रत्येक शुक्रवार को इन शिविरों का आयोजन होगा। जिले में अभियान के दौरान 19 जिला स्तरीय व 196 क्लस्टर स्तरीय जन-विश्वास शिविर लगेंगे। मुख्यमंत्री डॉ यादव की पहल पर सम्पूर्ण प्रदेश के साथ ग्वालियर जिले में भी जनता से सीधा संवाद व जुड़ाव स्थापित करने और समस्याओं का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित होने जा रहा है।

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शिविरों की तिथि व स्थल निर्धारित करने के साथ-साथ विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय कर दी हैं। साथ ही शिविरों में आयोजित होने वाली गतिविधियों को प्रभावी ढंग से मूर्तरूप देने के लिये स्पष्ट दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। जिला स्तरीय शिविर में सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं क्लस्टर स्तरीय शिविर में खंड स्तरीय अधिकारी अनिवार्यत: मौजूद रहेंगे। नगर निगम क्षेत्र में शिविरों के आयोजन के लिये आयुक्त नगर निगम को नोडल अधिकारी व अपर आयुक्त नगर निगम को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी तरह विकासखंड स्तरीय शिविर के लिये संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को नोडल अधिकारी व जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। नगर पंचायत व नगर पालिका क्षेत्र के शिविरों के आयोजन के लिये संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को नोडल अधिकारी व मुख्य नगर पालिका अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

जिले का पहला जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर 7 अगस्त को घाटीगांव में

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत ग्वालियर जिले का पहला जिला स्तरीय शिविर शुक्रवार 7 अगस्त को घाटीगांव में आयोजित होगा। इस शिविर में घाटीगांव विकासखंड की ग्राम पंचायत धुंआ, सिरसा, महारामपुर, रेंहट, चराई श्यामपुर, चैत, पार, हुकुमगढ़, सिमिरियाटांका व घाटीगांव ग्राम पंचायत के ग्रामीणजन लाभान्वित होंगे।

यहां लगेंगे क्लस्टर स्तरीय शिविर

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार 7 अगस्त को जिले के प्रत्येक नगरीय निकाय व विकासखंड में क्लस्टर स्तरीय शिविर लगाए जायेंगे। इस दिन नगर निगम ग्वालियर में भी शिविर लगेगा। विकासखंड भितरवार के अंतर्गत स्कूल प्रांगण अमरौल में शिविर लगेगा। इस शिविर में ग्राम पंचायत सिकरौदा, कछौआ, झांकरी, अमरौल, किशनपुर, ऐराया व बड़ेराभारस ग्राम पंचायत के ग्रामीणजन लाभान्वित कराए जायेंगे।

इसी तरह विकासखंड डबरा के अंतर्गत स्कूल प्रांगण छीमक में इस दिन क्लस्टर स्तरीय शिविर लगेगा। जिसमें ग्राम पंचायत छीमक, छोटी अकबई, देवरा, गोबरा, खेड़ी रायमल, कोसा, रजियावर, सिरसा, सालवई, भैंसनारी, बीजकपुर, लोहगढ़, बारौल, चितावनी, चौमो, खड़बई व महाराजपुर ग्राम पंचायत के ग्रामीण जनों को लाभ मिलेगा।

विकासखंड मुरार के अंतर्गत शुक्रवार 7 अगस्त को स्कूल प्रांगण उटीला में क्लस्टर स्तरीय जन-विश्वास शिविर लगाया जायेगा। जिसमें ग्राम पंचायत सौसा, बधौली, बहांगीखुर्द, अर्रोली, टांकोली, टिहोली, भटपुरासानी, काछीपुर, बड़ेराफुटकर व गुर्री ग्राम पंचायत के निवासियों को लाभान्वित कराया जायेगा।

जिले की नगर पालिका डबरा एवं नगर पंचायत आंतरी, बिलौआ, पिछोर, भितरवार व मोहना में भी 7 अगस्त को जन-विश्वास शिविर लगाए जायेंगे।जायेंगे।